मुजफ्फरपुर: मकर संक्रांति के पावन पर्व को लेकर मुजफ्फरपुर शहर पूरी तरह उत्सवमय माहौल में नजर आ रहा है। पक्की सराय, मस्जिद चौक सरियागंज, कंपनी बाग, तिलक मैदान, नीम चौक,

अघोरिया बाजार, मोतीझील, स्टेशन रोड, छोटी कल्याणी, लक्ष्मी चौक, छाता चौक, छता बाजार समेत शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर तिलकुट, चूड़ा, लाई, गुड़, तिल से बने व्यंजन, दूध और दही की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।


वर्ष 2026 में 14 जनवरी को पड़ने वाली मकर संक्रांति को लेकर दुकानदारों ने विशेष तैयारी की है और तिलकुट की कई वैराइटी, शुद्ध गुड़ तथा ताजे उत्पाद बाजार में उपलब्ध कराए हैं, वहीं ग्राहकों की सुविधा के लिए कई जगहों पर होम डिलीवरी की व्यवस्था भी की गई है।

इसी कड़ी में शहर के चतुर्भुज स्थान चौक पर दही विक्रेता चंद्र प्रकाश गुप्ता का दही बेचने का अनोखा अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है, जहां घर में बनी शुद्ध दही को त्योहार के मौके पर गिफ्ट पैक के रूप में मटके में उपलब्ध कराया जा रहा है, जो स्वाद में खास होने के साथ आम बाजार की दही से सस्ती भी है।


मकर संक्रांति के साथ-साथ शहर में पतंगबाजी का उत्साह भी चरम पर है, पतंग और मांझे की दुकानों पर बच्चों व युवाओं की खासी भीड़ देखी जा रही है और रंग-बिरंगी पतंगों की जमकर बिक्री हो रही है। कुल मिलाकर मकर संक्रांति को लेकर मुजफ्फरपुर का बाजार परंपरा, स्वाद और उल्लास के संगम के साथ पूरी तरह रौनक से भरा हुआ है।













Be First to Comment