पटना: बिहार की सियासत में एक बार फिर लालू यादव के आवास को लेकर चर्चा तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का आदेश मिलने के बाद यह सवाल लगातार उठ रहा था कि राजद सुप्रीमो लालू यादव और उनका परिवार अब कहां रहेगा. पहले यह चर्चा हुई थी कि लालू परिवार पटना के महुआ बाग स्थित निजी आवास में शिफ्ट होगा लेकिन अब एक नई चर्चा ने जोर पकड़ रही है.

कहां शिफ्ट होगा लालू परिवार?
ताजा चर्चाओं के मुताबिक लालू यादव का नया आशियाना पटना के कौटिल्य नगर इलाके में बन रहा आलीशान मकान हो सकता है. कौटिल्य नगर का यह मकान लगभग बनकर तैयार है और जल्द ही इसमें गृह प्रवेश की तैयारी की चर्चा है. ऐसे में 10 सर्कुलर रोड खाली होने के बाद लालू परिवार यहां शिफ्ट हो सकता है.

10 सर्कुलर रोड खाली करने का आदेश
बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का आदेश जारी किया गया है. यह वही आवास है, जो 20 वर्षों से लालू-राबड़ी परिवार की पहचान बन चुका है.

सत्ता से बाहर होने के बाद भी रखा बंगला: बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद राबड़ी देवी इस आवास में रह रही हैं. सत्ता से बाहर होने के बाद भी लंबे समय तक यह आवास उनके पास रहा. भवन निर्माण विभाग के आदेश के बाद यह चर्चा है कि अब लालू परिवार को यह बंगला खाली करना ही होगा. जिस वजह से चर्चा हो रही है कि लालू परिवार आखिर कहां शिफ्ट होगा.

महुआ बाग से कौटिल्य नगर तक चर्चा
भवन निर्माण विभाग के आदेश के बाद यह चर्चा थी कि लालू यादव पटना के महुआ बाग में बन रहे अपने नये निजी आवास में पूरे परिवार के साथ शिफ्ट होंगे. महुआबाग में बन रहा लालू यादव का नया भवन राजनीति के चर्चा में बना हुआ है. जदयू नेता नीरज कुमार ने कई बार सार्वजनिक रूप से महुआबाग में बन रहे मकान पर सवाल खड़े किए हैं. लेकिन अब नई चर्चा है कि लालू यादव का नया ठिकाना कौटिल्य नगर में बन रहा मकान होगा. बताया जा रहा है कि यह मकान आधुनिक सुविधाओं से लैस है और सुरक्षा के लिहाज से भी उपयुक्त माना जा रहा है.

लगभग बनकर तैयार है नया मकान
कौटिल्य नगर में बन रहा यह मकान लगभग बनकर तैयार है. फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है और जल्द ही यहां रहने की पूरी व्यवस्था हो सकती है. वरिष्ठ पत्रकार सुनील पांडेय का कहना है कि चर्चा यह भी है कि इस मकान को खास तौर पर लालू प्रसाद की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य सुविधा का विशेष ख्याल रखा गया है.
सियासत से भी जुड़ा है आवास का मुद्दा
लालू यादव का आवास सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र भी रहा है. बिहार में सत्ता से जाने के बाद लालू पिछले 20 वर्षों से 10 सर्कुलर रोड आवास में रह रहे हैं. लालू जहां भी रहे हैं वो हर जगहों से बिहार की राजनीति को दिशा मिलती रही है. ऐसे में नए आशियाने को लेकर चर्चा का सियासी होना लाजमी है. अगर कौटिल्य नगर में लालू यादव शिफ्ट होते हैं, तो माना जा रहा है कि धीरे-धीरे वहीं इलाका राजद की सियासत का नया ठिकाना बन सकता है.

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल, लालू यादव या उनके परिवार की ओर से नए आवास को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. फिलहाल साफ तौर पर नहीं कहा गया है कि वे महुआ बाग जाएंगे या कौटिल्य नगर के नए मकान में शिफ्ट होंगे. हालांकि, कौटिल्य नगर वाले मकान को लेकर चर्चा तेज है और उसके लगभग तैयार होने की खबरे सामने आ रही है, उससे यह माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में लालू प्रसाद यादव का नया आशियाना वही हो सकता है.











Be First to Comment