Press "Enter" to skip to content

‘बिहार में 1 करोड़ नौकरी-रोजगार’ शपथ से पहले ही JDU का बड़ा संदेश

पटना: राजधानी के वीर चंद पटेल पथ पर जनता दल यूनाइटेड की ओर से चार बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं. शपथ ग्रहण से पहले इन होर्डिंगों के माध्यम से जदयू ने साफ संकेत दिया है कि नई एनडीए सरकार की प्राथमिकताओं में महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार के अवसर और प्रदेश में व्यापक औद्योगिक विकास शामिल है. इन पोस्टरों के जरिए आगामी सरकार की नीति और दिशा का प्रारंभिक खाका जनता के सामने रखा गया है.

पहले पोस्टर में ‘आभार बिहार’ का संदेश

पहला पोस्टर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर से सजा है. इस होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में ‘आभार बिहार’ लिखा गया है. इसके माध्यम से जदयू और एनडीए ने प्रचंड बहुमत के साथ मिली जीत के लिए बिहार की जनता के प्रति कृतज्ञता जताई है. यह पोस्टर चुनाव परिणाम के बाद पार्टी द्वारा जनता के समर्थन को सम्मान देने का प्रतीक माना जा रहा है.

posters of Nitish Kumar

दूसरे पोस्टर में एक करोड़ नौकरी की प्रतिबद्धता

वीर चंद पटेल पथ पर लगा दूसरा बड़ा होर्डिंग युवाओं को केंद्र में रखते हुए तैयार किया गया है. इस पोस्टर पर नीतीश कुमार के बड़े तस्वीर के साथ स्पष्ट रूप से लिखा हुआ है कि ‘एक करोड़ नौकरी रोजगार, सबके सपने पूरे करेगी नीतीश सरकार’. चुनाव प्रचार के दौरान किए गए इस बड़े वादे को फिर से दोहराते हुए पार्टी ने संकेत दिया है कि रोजगार सृजन नई सरकार की शीर्ष प्राथमिकता होने जा रही है.

तीसरे पोस्टर में युवा और महिला सुरक्षा की प्रतिबद्धता

तीसरे पोस्टर पर नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ बड़े अक्षरों में लिखा है, ‘युवा महिला सबकी सरकार, नौकरी रोजगार सुरक्षित बिहार’. इस संदेश के जरिए जदयू ने दो सबसे महत्वपूर्ण वर्गों, युवाओं और महिलाओं को सुरक्षित भविष्य और व्यापक अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई है. यह पोस्टर सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की मंशा को दर्शाता है.

चौथे पोस्टर में डबल इंजन का संदेश

चौथे और अंतिम पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर एक साथ लगाई गई है. इस पोस्टर पर लिखा है, ‘डबल इंजन की रफ्तार, उद्योगों से सजेगा बिहार’. इससे स्पष्ट होता है कि आगामी सरकार औद्योगिक विकास को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर देगी और केंद्र व राज्य की संयुक्त ताकत का लाभ बिहार को मिलेगा. बिहार में औद्योगीकरण की लंबे समय से मांग रही है ताकि रोजगार के अवसर सहित हो और एनडीए सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल में इस दिशा में कई कदम भी उठाए हैं जिसे अब आगे बढ़ना महत्वपूर्ण है.

नई सरकार की प्राथमिकताओं का स्पष्ट संकेत

इन चारों पोस्टरों से जदयू ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने वाली नई एनडीए सरकार युवाओं और महिलाओं के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी. राज्य में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने की तैयारी है और चुनावी वादा रहे एक करोड़ नौकरियों के लक्ष्य पर सरकार गंभीरता से काम करने को संकल्पित दिख रही है.

20 नवंबर को शपथ ग्रहण समारोह

पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को नई एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होना है. यह 18वीं विधानसभा के गठन का ऐतिहासिक क्षण होगा. समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां तेज हैं और करीब 40000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे. उनकी उपस्थिति से यह कार्यक्रम और भी महत्वपूर्ण हो जाएगा. एनडीए ने इस आयोजन को अपनी एकता और मजबूती का संदेश देने का अवसर भी बनाया है.

कार्यक्रम में पहुंचेंगे एनडीए के 202 विधायकों के समर्थक

एनडीए के 202 निर्वाचित प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों से लगभग 150 से 200 लोगों को लेकर समारोह में पहुंचेंगे. कार्यकर्ताओं और समर्थकों के रहने और खाने की व्यवस्था भी एनडीए नेताओं के आवासों पर की जा रही है. इससे साफ है कि यह आयोजन सिर्फ औपचारिक शपथ ग्रहण नहीं, बल्कि उत्सव का माहौल होगा. इस समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारीयां भी जोड़ों पर चल रही हैं.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *