सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शेर रात के समय पेट्रोल पंप पर घूमते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का है। इसे सोशल मीडिया पर अलग-अलग ग्रुप में शेयर भी किया जा रहा है। हालांकि, इसकी सच्चाई से अधिकतर लोग बेखबर हैं।


36 सेकंड के वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक बब्बर शेर पहले पेट्रोल पंप के अंदर आता है, फिर आराम से घूमते हुए वो बाहर निकल जाता है। पेट्रोल पंप पर शेर के घूमते हुए इस वीडियो को कुछ दिनों पहले उत्तर प्रदेश के गजरौला, उत्तराखंड के हल्द्वानी और मध्य प्रदेश के सागर का भी बताया जा चुका है। हालांकि, यह इनमें से भी किसी एक जगह का नहीं है।


दरअसल, वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप पर नजर आ रहे एक होर्डिंग पर गुजराती भाषा में विज्ञापन छपा हुआ है। साथ ही एशियाई शेरों की प्रजाति गुजरात के गिर अभ्यारण और उसके आसपास के इलाकों में ही पाई जाती है। गिर सोमनाथ और अमरेली जिलों में अक्सर शेरों के जंगल से बाहर निकलकर सड़कों और आबादी क्षेत्रों में आने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में यह वीडियो गुजरात का है, न कि मुजफ्फरपुर या बिहार के किसी शहर का है।










