जिले में कोरोना संक्रमण हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहा है। सरकार ने संक्रमण का चेन तोड़ने के लिए शाम 7 बजे दुकानें बंद करने का आदेश दिया है। शनिवार से ही आदेश प्रभावी है। फिर भी लोग मान नहीं रहे हैं। लगातार तीसरे दिन साेमवार काे भी दोपहर बाद तक बाजार में भीड़-भाड़ बहुत अधिक नहीं थी। लेकिन, उसके बाद देर शाम तक दुकानें खुली होने से बाजार में भारी भीड़ उमड़ रही है।
पुलिस की मौजूदगी में भी बिना मास्क लगाए लोग बेखौफ शाम 7 बजे के बाद भी कल्याणी चौक पर जमे रहे। मिठनपुरा चौक, क्लब रोड में भी चौराहे व सड़क किनारे फास्ट फूड, पान समोसे आदि दुकानों पर मजमा लगा रहा। गली-मोहल्ले की दुकानें तो आम दिनों की तरह देर रात तक खुल रही हैं। इस बीच खुद व्यवसायियों को अपील करनी पर रही है कि लोग बेवजह शाम में भीड़ में ना निकलें। सुबह और दिन में ही भीड़ कम रहने पर खरीदारी कर घर लौट जाएं।
बोले व्यवसायी
खुद की और परिवार की सुरक्षा जरूरी
चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव सज्जन शर्मा ने कहा कि खुद, परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए भीड़ में निकलना ठीक नहीं है। लोग दिन में भी खरीदारी कर घर लौट जाएं।
शाम में बेवजह घूमने से संक्रमण और बढ़ेगा
व्यवसायी रवि मोटानी ने कहा कि कई लोग अब भी बिना किसी काम के शाम में घूमने निकल रहे हैं। इससे संक्रमण और बढ़ेगा। खरीदारी सुबह या दिन में भी हो सकती है।
दिन में भी मार्केटिंग से हाेगी अधिक सहूलियत
चैंबर अध्यक्ष पुरुषोत्तम पोद्दार ने कहा कि लगन का समय होने से भीड़ है। पुलिस को संयम से काम लेना होगा। लोग दिन में मार्केटिंग करें, तो ग्राहक-व्यवसायी दोनों को सहूलियत होगी।











Be First to Comment