बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होगी। इसबार भी ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ही नोडल विवि है। ऑनलाइन आवेदन से लेकर प्रवेश परीक्षा का संचालन, काउंसलिंग और नामांकन तक की सारी प्रक्रियाएं इसी विश्वविद्यालय के अधीन पूर्ण होंगी। लनामिविवि की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है। राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो.अशोक मेहता ने बताया कि कोरोना के कारण कॉलेजों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी ऐसे में कुछ विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस बार सूबे के सभी विश्वविद्यालयों में बीएड कॉलेजों की संख्या में इजाफा हुआ है। सभी विश्वविद्यालयों से बीएड कॉलेजों से संबंधी अपडेट रिपोर्ट मंगाई गई है। आवेदन के लिए पोर्टल भी तैयार हो गया है। बता दें कि पूर्व से विवि के क्षेत्राधिकार में 59 कॉलेज हैं। इसके अलावा इस वर्ष भी कुछ कालेजों को संबंधन मिला है। इस बार करीब साढ़े छह हजार सीटों पर बीएड में दाखिला लिया जाएगा। ये कॉलेज विवि से जुड़े पांच जिलों में हैं।
पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षा शुरू
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में कोर्स वर्क के समापन के बाद पीएचडी में रजिस्ट्रेशन के लिए परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। विवि के सभी पीजी विभागों में एक साथ इस परीक्षा का आयोजन किया गया। पहले दिन रिसर्च मेथोडलॉजी की परीक्षा हुई जबकि दूसरे दिन यानी बुधवार को संबंधित विषयों की परीक्षा होगी। दोनों ही पेपर में 70-70 अंक के प्रश्न निर्धारित हैं। प्रश्नों का पैटर्न वस्तुनिष्ठ और दीर्घ उत्तरीय दोनों हैं। दोनों पेपर में 30-30 अंक आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर दिए जाएंगे। पहले दिन कुलसचिव डॉ.आरके ठाकुर, डीएसडब्ल्यू डॉ.अभय कुमार ङ्क्षसह, कुलानुशासक डॉ.अजीत कुमार व परीक्षा नियंत्रक डॉ.मनोज कुमार ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। बताया गया कि दोनों पेपर में 55 फीसद अंक लाने पर ही छात्र उत्तीर्ण होंगे। इससे कम अंक आने पर छात्रों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकेगा। बता दें कि सभी पीजी विभागों को मिलाकर करीब चार सौ छात्र-छात्राओं ने इस परीक्षा में भाग लिया।











Be First to Comment