Press "Enter" to skip to content

कोरोना ने पसारा पांव तो खुली लोगों की नींद, टीकाकरण के लिए केंद्रों पर लग रही लंबी-लंबी कतारें

भय बिनु होइ न प्रीति। रामचरित मानस की यह पंक्ति अब कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव व इसके बाद टीका लेने को लेकर लोगों में बढ़ी चेतना पर बिल्कुल फिट बैठती है। कल तक जिन केंद्रों पर बमुश्किल से 60 से 70 लोग टीका लगवाने (Corona Vaccination) पहुंचते थे। वहां अब तीन से चार सौ तक आंकड़ा पहुंच रहा है। कोरोना की दूसरी लहर के खौफ ने लोगाें के पांव टीकाकरण केंद्र की ओर मोड़ दिए।

टीकाकरण के लिए लग रही लंबी कतार
दो दिनों से ऐसी जागरूकता आई है कि सुबह 8 बजे से ही लंबी-लंबी कतारें दिख रही हैं। जयप्रकाश नारायण अस्पताल (Jayprakash Narayan Hospital) में मंगलवार की सुबह 8 बजे से ही कतार बनी थी। जबकि काउंटर खुलने का समय नौ बजे तय है। लेकिन 45 साल से लेकर 70 व 80 साल तक की उम्र वाले लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। यहां सुबह के 11 बजे तक करीब 60 लोगों को टीका लग चुका था। कतार की स्थिति ऐसी दिखी कि लाइन लंबी होकर टीकाकरण केंद्र परिसर से बाहर होते हुए सड़क तक आ पहुंची। सोमवार को यहां 463 लोगों ने टीके लगवाए थे। मंगलवार को आंकड़ा 500 तक पहुंचने की उम्मीद है।

एक दिन में सर्वाधिक 16 हजार लोगों ने लगवाए टीके
गया जिले में सोमवार को अब तक का सर्वाधिक 16 हजार टीकाकरण हुआ। यह आंकड़ा पहले छह से आठ हजार तक रह रहा था। टीकाकरण के आंकड़ों पर गौर करें तो गया जिले में अब तक 1.46 लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें फ्रंटलाइन वर्कर, हेल्थ वर्कर, सामान्य जन शामिल हैं। सामान्य जनों की बात करें तो करीब 84 हजार लोगों ने पहली डोज का टीका ले लिया है।

गृहिणियां बोली: पहले टीका लगवाऊंगी तब घरेलू कामकाज होगा
जयप्रकाश नारायण अस्पताल, रेडक्रॉस, भुसूंडा व दूसरे तमाम केंद्रों पर महिलाओं की तादाद भी पुरुषों की तुलना में बराबर की दिख रही है। जेपीएन में सुबह के 9 बजे तक करीब 30 महिलाएं भी कतार में लग चुकी थीं। कई महिलाएं परिवार के साथ टीका लेने पहुंची थी। गृहिणी संजू कुमारी, ममता देवी व दूसरी महिलाओं ने कहा कि घर में काम तो रोज रहता है। कोरोना तेजी से फैल रहा है। बुद्धिमानी इसी में है कि पहले टीका लगवा लूं। लिहाजा, घर का कामकाज छोड़ सुबह ही अस्पताल आ गई।

तेज धूप व गर्मी से बढ़ी मुश्किलें
गया में गर्मी शुरू हो गई है। सुबह के 9 बजे से ही चटख धूप अपना प्रभाव दिखाने लगती है। यही कारण है कि 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले पहले टीका लगवाने के लिए केंद्रों पर पहुंच जा रहे हैं। बुजुर्गों को टीका लगवाने में उनके घर के युवा सहयोग कर रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि टीका लगवाने आए लोगों को अधिक सुविधाएं मिले। समय पर टीका लगे इसके लिए टीका लगाने व रजिस्ट्रेशन करने वाले कर्मियों की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत है।

जिले में टीकाकरण की स्थिति
अब तक हुआ कुल टीकाककरण- 1. 64 लाख
सामान्य जन पहला डोज-84329
सामान्य जन दूसरा डोज-535
हेल्थ वर्कर पहला डोज-19330
हेल्थ वर्कर दूसरा डोज-13959
फ्रंटलाइन वर्कर पहला डोज-20439
फ्रंटलाइन वर्कर दूसरा डोज-9896

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *