Press "Enter" to skip to content

पटनाइट्स को मिला घूमने का नया ठिकाना, अदालतगंज तालाब में रंगीन रोशनी और फव्‍वारों के बीच सुहानी बन रही शाम

Tourist Spot in Patna: पटना के लोगों को घूमने के लिए एक नया ठिकाना मिल गया है। शहर के बीचोंबीच में बनाया गया अदालतगंज तालाब जल संरक्षण का तो एक बेहतरीन स्रोत है ही लोगों की सैर के लिए पसंदीदा ठिकाना भी बन गया है। तालाब का सुंदरीकरण हो जाने के कारण यह लोगों के लिए बड़ा आकर्षण का केंद्र भी बना है। राज्य सरकार की कवायद से अब इस तालाब की बदहाली दूर हो गई है। पहले लोग गंदगी के कारण उसके आसपास में भी जाना पसंद नहीं करते थे। अब यह तालाब पटनावासियों को आकर्षित करने लगा है। हालांकि कोरोना संक्रमण के प्रभाव के कारण इस तालाब को पटनावासियों को सौंपने में विलंब हो रहा है। अभी तालाब का उद्घाटन नहीं किया जा सकता है।

10 करोड़ रुपए से कराया गया है सुंदरीकरण
पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अदालतगंज तालाब का 10 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया गया है। पर्यावरण संरक्षण का ख्याल रखते हुए तालाब का निर्माण किया गया है। तालाब में साउंड एंड लेजर-शो चलेगा। खुले मुक्ताकाश मंच का भी निर्माण कराया गया है। तालाब के बीच में 40 फीट ऊंचाई तक जाने वाला फौव्वारा लगाया गया है। इससे रंग-बिरंगी रोशनी निकलेंगी। पटनावासी नौकायन भी कर सकेंगे। फूड प्लाजा की भी व्यवस्था कराई गयी है।

रंग-बिरंगी लाइटों और फव्‍वारों से शानदार नजारा
अदालतगंज तालाब के चारों तरफ चारदीवारी बना दी गई हैं। अंदर में बैठने की भी व्यवस्था की गई है। चारों तरफ पौधे लगाए जाने के कारण हरियाली अधिक दिख रही है। रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। वीरचंद पटेल पथ और बुद्ध मार्ग के मध्य में स्थित अमरनाथ पथ इस तालाब से जुड़ा है। इस सड़क से जाने पर तालाब अपनी तरफ हर किसी को आकर्षित करता है। यह तालाब हर क्षेत्र में सबसे स्मार्ट तालाब के रूप में तैयार हुआ है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *