Press "Enter" to skip to content

क्‍लास में पढ़ रही बेटी की हर खबर माता-पिता को देगा एप, पटना के मगध महिला कॉलेज में नई व्‍यवस्‍था

मगध महिला कॉलेज में अप्रैल माह से ही अध्ययनरत छात्राओं के लिए आरएफआइडी कार्ड (रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन कार्ड) की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इस कार्ड के माध्यम से ही अब कॉलेज परिसर में छात्राओं को इंट्री मिलेगी और कार्ड के माध्यम से ही उनकी कक्षाओं की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। इससे कॉलेज परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं संभव हो सकेगा।

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. डॉ. शशि शर्मा ने बताया, इस सुविधा की शुरुआत से कॉलेज परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति का आना-जाना बंद हो जाएगा। इससे छात्राओं की सुरक्षा भी संभव हो सकेगी। यही नहीं, छात्राओं की गतिविधियों से उनके अभिभावक भी हर समय अवगत रहेंगे। अगर कॉलेज परिसर में कोई बाहरी व्यक्ति आना चाहेगा तो उसे गेस्ट कार्ड मुहैया कराया जाएगा और उसकी ऑनलाइन इंट्री भी कराई जाएगी।

कॉलेज में छात्राओं के गेट के अंदर प्रवेश करते ही उनके अभिभावकों के फोन पर एक संदेश पहुंच जाएगा, जिसमें लिखा होगा कि उनकी बच्ची कॉलेज में आ गई है। वहीं, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि अगर अभिभावक चाहें तो वह एप के माध्यम से भी कॉलेज में छात्राओं की हरेक गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं। एप में छात्राओं की क्लास के सिलेबस से लेकर टाइम टेबल और कई जानकारियां उपलब्ध रहेंगी, जिससे अभिभावक अवगत हो सकेंगे। इसके साथ आइडी कार्ड के माध्यम से छात्राओं के माता-पिता उनकी उपस्थिति के बारे में जानकारी पा सकते हैं। अगर किसी छात्रा की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम है तो उसका भी संदेश एप व मोबाइल पर पहुंच जाएगा।

नियमित कॉलेज आने वाले लोगों के वाहनों पर लगेगी चिप
प्राचार्या प्रो. शशि शर्मा ने बताया, आरएफआइडी कार्ड के बाद कॉलेज में रेग्युलर आने वाले लोग जैसे छात्राएं, शिक्षक और कर्मचारियों की गाड़ी पर चिप लगा दी जाएगी। किसी बाहरी व्यक्ति के आने पर गेस्ट कार्ड के जरिए प्रवेश मिलेगा और गेट पर ही सारी जानकारी ऑनलाइन भरी जाएगी। वह अंदर क्यों और किसी कारण से जाना चाहता है, किससे मिलना है? आदि जानकारियां होंगी।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *