Press "Enter" to skip to content

बिहार में तेजी से बढ़ रहा तापमान, 12 जिलों में बारिश होने के आसार

बिहार में मौसम का मिजाज तल्‍ख होने लगा है। तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसके साथ ही गर्म हवा के थपेड़ों ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खासकर मध्य और दक्षिण बिहार में तापमान बढ़ने एवं गर्म हवा के कारण लोगों की परेशानी बढ़ेगी। वहीं, राज्य के पूर्वी एवं उत्तरी हिस्से में चार अप्रैल यानी रविवार को गरज के साथ बारिश की भी संभावना है। अगर बारिश का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो बिहार के कुछ जिलों में मौसम का म‍िजाज हल्‍का नर्म हो सकता है। शुक्रवार और शनिवार को तापमान का बढ़ना जारी रहेगा। इसका असर अब सड़कों पर भी दिखने लगा है। दोपहर होते ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो जा रही है। छोटे बाजारों में दोपहर के वक्‍त दुकानें बंद रहने लगी हैं।

गुरुवार को 36 डिग्री दर्ज किया गया पटना का अधिकतम तापमान
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि राज्य में पश्चिम से आने वाली गर्म हवा एवं बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण प्रदेश के आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। गर्म हवा के कारण ही लोगों को परेशानी ज्यादा हो रही है। गुरुवार को राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी की हवा में आर्द्रता 17 फीसद दर्ज की गई।

पटना में दो दिनों में दो डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
पटना में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान दो डिग्री तक बढ़ सकता है। शनिवार को पटना में मौसम का मिजाज अधिक तल्‍ख होने की उम्‍मीद है। हवा की गति और धूप का असर बढ़ने से वायुमंडल में धूलकणों की मात्रा भी काफी बढ़ गई है। इससे वायु गुणवत्‍ता का स्‍तर काफी खराब हो गया है।

बिहार के इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्य के चार एवं पांच अप्रैल को किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़‍िया एवं जुमई में बारिश हो सकती है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *