कोरोना काल में आम आदमी से लेकर सरकार तक की आमदनी प्रभावित हो गई, लेकिन इस दौरान बिहार सरकार के एक विभाग ने लक्ष्य से भी अधिक कमाई कर दिखाया है। यह विभाग है बालू और मिट्टी से राजस्व वसूली करने वाला महकमा। कोरोना की दुश्वारियों के बावजूद बीते वित्तीय वर्ष में खान एवं भूतत्व विभाग ने लक्ष्य से ज्यादा राजस्व संग्रह किया। खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री जनक राम और प्रधान सचिव हरजोत कौर बम्हरा ने बीते वित्तीय वर्ष 2020-2021 की उपलब्धियां गिनाते हुए गुरुवार को यह जानकारी दी।
करीब 1700 करोड़ रुपए आए विभाग की झोली में
हरजोत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-2021 में 1600 करोड़ रुपये लक्ष्य की तुलना में 1678.97 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह हुआ है। इस प्रकार कुल राजस्व संग्रह 104.92 फीसद रहा है। प्रधान सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 की तुलना में 2020-21 में 67.27 करोड़ रुपये अधिक वसूली हुई है। बिहार के कुल 38 जिलों में 27 जिलों ने सौ फीसद लक्ष्य हासिल किया है। वहीं, छह जिलों में राजस्व संग्रह 80 से सौ फीसद रहा है।
ईंट भट्ठों से वसूली में 12 फीसद तक हुई वृद्धि
उन्होंने बताया कि ईंट भट्ठा में मद में वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान कुल 62.18 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी। वहीं वित्तीय वर्ष 2020-2021 में यह राशि बढ़कर 73.08 करोड़ रुपये हो गई है। ऐसे में कुल 12 फीसद की वृद्धि हुई है।
कार्य विभाग से मिले 47 फीसद अधिक राशि
हरजोत कौर ने बताया कि कार्य विभाग से 2019-20 में जहां 523.97 करोड़ रुपये राजस्व मिला था, वहीं 2020-21 में 772.07 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुए हैं। यह वृद्धि 47.35 फीसद है। जुर्माना से भी 13.03 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।











Be First to Comment