शहर के अधिकांश सीबीएसई स्कूलों में नए सत्र में फीस बढ़ेगी। इसका सीधा असर फिर पैरेंट्स की जेब पर पड़ना तय है। वैसे स्कूलों ने दावा किया है कि वे सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही फीस बढ़ाएंगे। इसमें सालाना 7 फीसदी के अंदर ही फीस वृद्धि की जाएगी। हालांकि, इसे लेकर अभिभावकों की बेचैनी बढ़ रही है। स्कूलों में अगले सप्ताह से नए सत्र 2021-22 की शुरुआत होगी। सीबीएसई बोर्ड ने तो नए सत्र की शुरुआत करने का निर्देश 1 अप्रैल से दिया है, लेकिन स्कूलों में रिजल्ट का प्रकाशन समेत अन्य प्रक्रिया के कारण देरी हुई है।
स्कूल संचालकों ने बताया, 2 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी और इसके बाद शनिवार-रविवार के कारण स्कूलों ने नए सत्र के प्रारंभ की तिथि 5 से 8 अप्रैल के बीच निर्धारित है। होली मिशन के निदेशक जीके मल्लिक ने बताया, 6 अप्रैल से नए सत्र की शुरुआत होगी। मदर टेरेसा विद्यापीठ में 6 अप्रैल, सनशाइन में 5 अप्रैल, डीएवी मालीघाट में 8 अप्रैल, डीएवी खबड़ा में 5 अप्रैल से, डीएवी मालीघाट में सीनियर सेक्शन के लिए 5 अप्रैल और जूनियर सेक्शन में 7 से नया सत्र शुरू होगा। डीएवी के क्षेत्रीय निदेशक एसके झा ने बताया, शुरुआत में 50 फीसदी उपस्थिति के साथ बच्चे बुलाए जाएंगे।
इस तरह बढ़ेगा फीस का बोझ
प्रीमियर स्कूल में यदि 9वीं कक्षा का ट्यूशन फीस 3 हजार है तो अप्रैल से 3210 रुपए प्रतिमाह देना होगा। इसी तरह अगर ट्रांसपोर्टेशन फीस 1500 है तो अब 1605 देना होगा। अलग-अलग स्कूलाें में इसमें अंतर हो सकता है।











Be First to Comment