बिहार बोर्ड ने शुक्रवार को इंटर का परिणाम घोषित कर दिया। इसबार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। 78 प्रतिशत छात्र सफल घोषित किए गए हैं। तीनों संकायों में लड़कियां ही अव्वल रही हैं। इसके साथ ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति इंटरमीडिएट की कॉपियों की स्क्रूटनी के लिए एक अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की भी घोषणा कर दी है। वहीं कंपार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन 29 अप्रैल से होगा।
एक अप्रैल से सात अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन
बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षार्थी एक या अधिक विषय में स्क्रूटनी के लिए आवेदन कर सकते हैं। एक अप्रैल से सात अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर लिंक एक अप्रैल को उपलब्ध करा दिया जाएगा। प्रत्येक विषय की स्क्रूटनी के लिए 70 रुपये का शुल्क ऑनलाइन ही जमा करना होगा। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि कंपार्टमेंट सह विशेष परीक्षा का आयोजन 29 अप्रैल से दस मई तक आयोजित होगी। इसके लिए परीक्षार्थियों को 5 अप्रैल से आवेदन करना होगा। परीक्षार्थी कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। कंपार्टमेंटल परीक्षा का रिजल्ट मई में जारी किया जाएगा।
इंटर में 78 प्रतिशत छात्रों ने पाई सफलता
बता दें कि इसबार इंटर का परिणाम बेहतर रहा। करीब 78 प्रतिशत छात्र और छात्रों ने बिहार बोर्ड की परीक्षा में सफलता पाई। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इस वर्ष इंटर की परीक्षा में प्रश्नों के 100 फीसद विकल्प दिए गए थे जो छात्रों के लिए वरदान साबित हुए। ऐसा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने पहली बार किया था। बोर्ड के इस वारदान से परीक्षार्थियों को बेहतर अंक प्राप्त करने में काफी सुविधा हुई और रिजल्ट बेहतर हुआ। इसबार 12वीं के परीक्षार्थियों की कुल 71.59 लाख कॉपियों की जांच की गई। इतनी ही संख्या में ओएमआर शीट की भी चेकिंग की गई। इसतरह से 21 दिनों में इंटर का रिजल्ट जारी कर दिया गया।










Be First to Comment