श्रावणी मेला 2026: मुजफ्फरपुर में सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए शिवभक्त पहुंच रहे हैं। रात 12 बजे से मंदिर में जलाभिषेक जारी है। रविवार शाम से ही पहलेजा घाट से जल लेकर कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।करीब 3 लाख कांवरियों के बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलार्पण करने का अनुमान है। स्थानीय श्रद्धालुओं और कांवरियों को मिलाकर करीब 5 लाख भक्तों के बाबा मंदिर पहुंचने की उम्मीद है।
कांवरिया पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर तुर्की, रामदयालु होते हुए बाबा गरीबनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते में हर-हर महादेव और जय बाबा गरीबनाथ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज रहा है। कई स्थानों पर कांवरिया विश्राम के लिए बनाए गए शिविरों में रुक रहे हैं। पैदल यात्रा पूरी कर श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
दूसरी सोमवारी को लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला रविवार रात से ही शुरू हो गया। देर रात के बाद कांवरियों की कतार मंदिर की ओर बढ़ने लगी। सुबह स्थानीय श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ भीड़ और बढ़ने की संभावना है।

बाबा गरीबनाथ मंदिर के पुजारी पं. विनय पाठक ने बताया कि दूसरी सोमवारी को लेकर मंदिर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास व्यवस्था को मजबूत किया गया है। एक हजार से अधिक स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं की सहायता और भीड़ प्रबंधन के लिए लगाया गया है। श्रद्धालुओं के जलपान और अन्य सुविधाओं के लिए भी जगह-जगह व्यवस्था की गई है।









Be First to Comment