मुजफ्फरपुर: सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार की ओर से सरैयागंज टावर पर बाबा बर्फानी स्वरूप महादेव का भव्य एवं आकर्षक दरबार सजाया गया। दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए देर शाम से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं संस्था के सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
महाआरती समाप्त होने के बाद आकर्षक आतिशबाजी की गई, जिसने पूरे सरैयागंज क्षेत्र को शिवमय माहौल में रंग दिया। रंग-बिरंगी रोशनी और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी स्वरूप महादेव के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार के अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि संस्था विगत कई वर्षों से सावन माह में कांवड़ियों की सेवा करती आ रही है। इस वर्ष भी श्रद्धालु कांवड़ियों के लिए निःशुल्क सेवा शिविर लगाया जाएगा। शिविर में भोजन, चाय, बिस्किट, शरबत, प्राथमिक उपचार हेतु दवाइयों तथा विश्राम की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रत्येक सदस्य निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा के लिए पूरी आस्था और समर्पण के साथ तत्पर रहेगा।


कार्यक्रम के सफल आयोजन में बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा सरैयागंज क्षेत्र भगवान भोलेनाथ की भक्ति, जयकारों और धार्मिक उत्साह से गूंजता रहा।










Be First to Comment