रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन से खुलने के बाद भी खाली होने वाली कंफर्म सीटों और बर्थ की ऑनलाइन बुकिंग की जा सकेगी। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पटना समेत पूरे मंडल के लाखों यात्रियों को फायदा मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत यदि कोई यात्री अपनी यात्रा रद्द कर देता है या निर्धारित स्टेशन से ट्रेन में सवार नहीं होता है, तो उसकी खाली हुई सीट को तुरंत ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे यात्रा के दौरान भी यात्री कंफर्म बर्थ बुक कर सकेंगे।
रेलवे की ओर से टिकट जांच कर्मचारियों यानी टीटीई को दिए गए हैंड हेल्ड टर्मिनल (एचएचटी) को अपग्रेड किया जा रहा है। इस डिजिटल डिवाइस के जरिए टीटीई ट्रेन में सीटों की वास्तविक स्थिति को तुरंत अपडेट कर सकेंगे। यदि कोई यात्री यात्रा पर नहीं आता है या उसकी सीट खाली रहती है, तो टीटीई उसे एचएचटी में दर्ज करेंगे। जैसे ही सीट खाली होने की जानकारी सिस्टम में अपडेट होगी, वह आईआरसीटीसी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने लगेगी। इसके बाद किसी भी स्टेशन से यात्रा शुरू करने वाला यात्री उपलब्ध सीट को ऑनलाइन बुक कर सकेगा।
वर्तमान व्यवस्था में ट्रेन में खाली होने वाली सीटों को सबसे पहले आरएसी और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को आवंटित किया जाता है। हालांकि कई बार कुछ सीटें अंतिम समय तक खाली रह जाती हैं, जिनका लाभ दूसरे यात्रियों को नहीं मिल पाता। नई प्रणाली लागू होने के बाद ऐसी सीटों का उपयोग अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से यात्रियों को स्टेशन पर सीट की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यदि किसी स्टेशन पर यात्री ट्रेन पकड़ना चाहता है और सीट उपलब्ध है, तो वह सीधे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से कंफर्म बर्थ बुक कर सकेगा।










Be First to Comment