Press "Enter" to skip to content

कुमार गौरव ने संभाली मुजफ्फरपुर डीएम की जिम्मेदारी, जनकल्याण योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लिया संकल्प

नव पदस्थापित जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार पूर्वाह्न समाहरणालय पहुंचकर जिले के नये जिलाधिकारी के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन से प्रभार लिया। पदभार ग्रहण के साथ ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गईं और नये जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

प्रभार ग्रहण के बाद आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें अपने-अपने विभागों के कार्यों और दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से मिले, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि उनके पूर्ववर्ती जिलाधिकारी द्वारा जिले में कई महत्वपूर्ण और सराहनीय कार्य किये गये हैं। उन कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी तथा सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

उन्होंने जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि कानून का राज कायम रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए विशेष प्रयास किये जाएंगे ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से एईएस एवं जेई जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति प्रशासन की सजगता बनाये रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि AES/JE की नियमित समीक्षा और निगरानी जारी रहेगी तथा मरीजों को त्वरित, सुगम और प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी ‘जीरो डेथ’ के लक्ष्य को कायम रखने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे।

Share This Article
More from ADMINISTRATIONMore posts in ADMINISTRATION »
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *