अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बिहार में भी उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, सांसद ललन सिंह, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योगाभ्यास किया।
योग दिवस के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में योग शिक्षा को बढ़ावा देने की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि बिहार के शैक्षणिक संस्थानों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाए ताकि छात्र-छात्राएं कम उम्र से ही स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में प्रतिदिन कम से कम आधे घंटे का योग और ध्यान कार्यक्रम चलाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह स्वैच्छिक होना चाहिए और किसी भी छात्र को इसमें भाग लेने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। इसके लिए न तो अलग से उपस्थिति दर्ज की जाए और न ही किसी प्रकार की परीक्षा आयोजित हो।
निशांत कुमार ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों के लिए बेहद जरूरी हो गया है। अगर विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही योग और ध्यान की जानकारी मिलेगी तो वे तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन जी सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री के इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्कूलों और कॉलेजों में योग को पाठ्यक्रम से जोड़ने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती का योग से विशेष संबंध रहा है और मुंगेर विश्व स्तर पर योग की पहचान बना चुका है।













Be First to Comment