बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून राज्य में तय समय पर पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 13 से 15 जून के बीच मॉनसून बिहार में प्रवेश कर सकता है। पहले इसके 3-4 दिन देर से आने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब मौसम की अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए समय पर आगमन की संभावना मजबूत हो गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि मॉनसून पूर्वोत्तर भारत के शेष हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों तक इसकी पहुंच हो गई है। अगले चार से पांच दिनों के दौरान इसके मध्य अरब सागर और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की संभावना है।

विशेषज्ञों के अनुसार बिहार में मॉनसून का प्रवेश आमतौर पर सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज और पूर्णिया जिले के रास्ते होता है। वहां से धीरे-धीरे यह पूरे राज्य में फैलता है। यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो 20 जून के बाद बिहार के अधिकांश जिलों में व्यापक मॉनसूनी बारिश शुरू हो सकती है।

हालांकि मॉनसून के समय पर आने की संभावना के बीच एक चिंता भी बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस वर्ष भी राज्य में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह लगातार पांचवां वर्ष होगा जब बिहार में औसत से कम वर्षा दर्ज की जाएगी।









Be First to Comment