गया: बिहार के गया जिले में आयकर विभाग ने बड़े धान कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मखलौटगंज, कठोकर तालाब और मानपुर स्थित ठिकानों पर विभाग की टीमें सुबह से सक्रिय हैं.

धान कारोबारियों में हड़कंप
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी गया के प्रमुख धान कारोबारी राजेश गुप्ता और उनके पार्टनर गौरी शंकर से जुड़े स्थानों पर हो रही है, जहां बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी के संदेह में जांच चल रही है. फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

तीन प्रमुख स्थानों पर जारी है सर्च ऑपरेशन
कार्रवाई मुख्य रूप से मखलौटगंज और कठोकर तालाब क्षेत्र के मकानों तथा मानपुर स्थित आवास और संभवत गोदाम पर केंद्रित है. आयकर अधिकारियों की टीमें दस्तावेजों, रिकॉर्ड्स और अन्य सामग्री की गहन जांच कर रही हैं. स्थानीय पुलिस ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की है, कहा कि यह मामला आयकर विभाग के अधिकार क्षेत्र में है. गया में कुछ अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की आशंका जताई जा रही है, जिससे कारोबारी वर्ग में हड़कंप मचा हुआ है.

टैक्स चोरी के आरोप में विभाग की सतर्कता
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई बड़े पैमाने पर आयकर चोरी और अनियमित वित्तीय लेन-देन के संदेह पर आधारित है. धान व्यापार से जुड़े कारोबारियों के खिलाफ विभाग पहले भी सक्रिय रहा है, लेकिन गया में इस स्तर की छापेमारी नया मामला है. जांच पूरी होने तक ठिकानों पर अधिकारियों की मौजूदगी बनी रहेगी. विभाग के आधिकारिक बयान का इंतजार है.

धान-चावल के बड़े सप्लायर
मिली जानकारी के अनुसार राजेश गुप्ता धान-चावल के बड़े कारोबारी हैं. साथ ही उनकी अपनी राइस मिल भी है. बताया जाता है कि राजेश गुप्ता विभिन्न राज्यों में धान-चावल की सप्लाई करते हैं. बिहार के अलावे झारखंड, केरल, कर्नाटक, उड़ीसा समेत कई राज्यों में इनके द्वारा चावल की सप्लाई की जाती है. धान चावल के सीजन में बड़े पैमाने पर इनके द्वारा इसकी सप्लाई दूसरे राज्यों में की जाती है.

दस्तावेजों को खंगाल रही आयकर की टीम
वहीं, पटना से पहुंची आयकर विभाग की टीम राजेश गुप्ता और उसके पार्टनर के ठिकानों को खंगाल रही है. अब तक आयकर विभाग की टीम को क्या उपलब्धि हासिल हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. फिलहाल पटना से पहुंची आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है.







Be First to Comment