पटना : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार पुलिस के लिए यह क्षण बेहद गर्व का रहा. उत्कृष्ट बहादुरी, अनुकरणीय सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए बिहार पुलिस के कुल 22 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विभिन्न प्रतिष्ठित पुलिस पदकों से सम्मानित किया जाएगा. इन सम्मानों की घोषणा से पूरे पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है.

22 पुलिसकर्मियों को मिलेगा प्रतिष्ठित पदक
सम्मानित होने वालों में तीन पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस मेडल फॉर गैलंट्री, दो को प्रेसिडेंट पुलिस मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस और 17 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस प्रदान किया गया है. ये सम्मान असाधारण साहस, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा के लिए दिए जा रहे हैं.
गैलंट्री मेडल से सम्मानित जांबाज अधिकारी
पुलिस मेडल फॉर गैलंट्री से बिहार के तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन, सेवानिवृत्त डीएसपी अर्जुन लाल और अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उन्हें जोखिम भरी परिस्थितियों में असाधारण साहस, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्य के प्रति अदम्य निष्ठा के लिए दिया गया है.

2002 का सारन जेल विद्रोह और ऐतिहासिक ऑपरेशन
आईपीएस कुंदन कृष्णन को यह सम्मान वर्ष 2002 की उस ऐतिहासिक कार्रवाई के लिए दिया गया है, जब वे छपरा के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे. 28 मार्च 2002 की सुबह सारन जेल में बंद कैदियों ने स्थानांतरण आदेश के विरोध में भीषण विद्रोह कर दिया था. कैदियों ने हथियार और विस्फोटक एकत्र कर जेल परिसर पर कब्जा कर लिया था और पुलिस व जेल कर्मियों पर जानलेवा हमले किए गए थे.

साहस का परिचय देकर हालात पर काबू
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुंदन कृष्णन ने स्वयं मोर्चा संभाला और दल-बल के साथ जेल परिसर में प्रवेश कर नेतृत्व किया. आंसू गैस के गोले और हेड ग्रेनेड के इस्तेमाल के साथ तीन से चार घंटे तक चले ऑपरेशन में हालात पर काबू पाया गया. इस कार्रवाई में 33 कारतूस के खोखे, बम के अवशेष और अन्य हथियार बरामद किए गए. ऑपरेशन के दौरान 28 जवान घायल हुए, जबकि चार कैदियों की मौत और सात के घायल होने की पुष्टि हुई. यह कार्रवाई बिहार पुलिस के इतिहास में साहसिक अभियान के रूप में दर्ज है.
डिस्टिंग्विश्ड सर्विस के लिए सम्मान
प्रेसिडेंट पुलिस मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस से पुलिस उपाधीक्षक उमेश लाल रजक और पुलिस अवर निरीक्षक नवरत्न कुमार को सम्मानित किया गया है. दोनों अधिकारियों को लंबे समय तक ईमानदारी, निष्ठा और उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया.

मेरिटोरियस सर्विस से 17 पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से 17 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को नवाजा गया है. इनमें दलजीत सिंह, राजीव रंजन, अजय कुमार पांडे, शैलेश मिश्रा, मोहम्मद ऐनुल हक, ऋषिकेश कुमार, मनोज कुमार, निक्कू कुमार सिंह, नागेंद्र पांडे, संजय कुमार सिंह, सुकरा उरांव, धर्मेंद्र कुमार, जवाहरलाल मंडल, उमेश कुमार सिंह, ओमप्रकाश, मोहम्मद रफ़ी और मनोज कुमार सिंह शामिल हैं.

डीजीपी ने दी बधाई
बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि ऐसे जांबाज और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी ही बिहार में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की रीढ़ हैं. गणतंत्र दिवस पर इन सम्मानों की घोषणा से बिहार पुलिस का मनोबल और अधिक मजबूत हुआ है.











Be First to Comment