गया : बिहार के गया से लापता चार नाबालिग लड़कियों की बरामदगी दिल्ली से होने के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. गया एसआईटी की कड़ी मशक्कत और फ्लाइट से दिल्ली पहुंची टीम की कार्रवाई के बाद यह सफलता मिली. मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चार में से दो लड़कियों ने लड़कों का वेश बना रखा था.
गया से लापता होने का मामला
यह मामला 16 जनवरी को सामने आया था, जब गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र से चार नाबालिग लड़कियां लापता हो गई थीं. चारों एक ही स्कूल की छात्राएं और आपस में गहरी सहेलियां बताई जाती हैं. लड़कियां स्कूल से एडमिट कार्ड लेने निकली थीं, लेकिन घर वापस नहीं लौटीं.
![]()
थाने में प्राथमिकी और एसआईटी गठन
परिजनों की शिकायत पर डेल्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.मामले की गंभीरता को देखते हुए गया एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया. टीम में स्थानीय पुलिस और टेक्निकल सेल को शामिल किया गया.
पहले बक्सर फिर दिल्ली तक पीछा
जांच के दौरान टेक्निकल और मैन्युअल इनपुट से पता चला कि लड़कियां गया से निकलकर पहले बक्सर पहुंची थीं. जब एसआईटी बक्सर पहुंची तो जानकारी मिली कि चारों दिल्ली रवाना हो चुकी हैं. इसके बाद गया एसआईटी की एक टीम फ्लाइट से दिल्ली भेजी गई.

दिल्ली में चारों की बरामदगी
दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस ने दो लड़कियों को आसानी से बरामद कर लिया. लेकिन बाकी दो लड़कियों की तलाश में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस बार-बार चकमा खाती रही और दोनों लड़कियां सामने से गुजरती रहीं.
दो लड़कियों ने बनाया था लड़कों का वेश
पुलिस के अनुसार बरामद की गई दो लड़कियों ने पूरी तरह लड़कों का वेश बना रखा था. हेयरस्टाइल और पहनावे की वजह से पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था. इसी कारण एसआईटी को उन्हें पकड़ने में काफी देर लगी.

डीएसपी का बयान
इस मामले में गया के डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने बताया कि चारों लड़कियों के बीच गहरा संबंध है. जांच में सामने आया है कि वे दो-दो के पेयर में थीं और आपसी प्रेम संबंध के कारण घर छोड़कर गई थीं. चार में से दो का लड़कों का वेश बनाना काफी आश्चर्यजनक है.
न्यायालय में दर्ज होगा बयान
डीएसपी ने बताया कि सभी लड़कियां नाबालिग हैं, इसलिए मामला बेहद संवेदनशील है. चारों का बयान न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा. पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच वरीय अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है.

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
बरामदगी में शामिल एसआईटी और पुलिस टीम के काम की सराहना की गई है. वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच जारी है.












Be First to Comment