Press "Enter" to skip to content

गांधी मैदान में गणतंत्र का जलसा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पटना प्रशासन मुस्तैद, डीएम ने संभाल लिया है कमान

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुरक्षित और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में है। इस मौके पर प्रशासन की तैयारी सिर्फ रस्मी नहीं, बल्कि व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की सियासत का सधा हुआ इम्तिहान भी है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने खुद मैदान का मुआयना कर साफ कर दिया है कि इस बार कोई ढिलाई नहीं, हर इंतजाम प्रोटोकॉल के मुताबिक और त्रुटिरहित होना चाहिए।

सुरक्षा के मोर्चे पर भी प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। पूरे गांधी मैदान और आसपास के इलाकों पर 128 सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा 18 वाच टावर बनाए गए हैं, जहां से हर गतिविधि पर पैनी निगाह रहेगी। अस्थायी थाना और नियंत्रण कक्ष भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से फौरन निपटा जा सके।
प्रशासनिक पकड़ मजबूत करने के लिए गांधी मैदान को चार जोन और कई सब-सेक्टर में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। बैठने की व्यवस्था, दीर्घा के रास्ते, सूचना बोर्ड और साइनेज पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

रात की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रोशनी की भी मुकम्मल व्यवस्था की गई है। 136 एलईडी मेटल लाइट, 229 पोल लाइट और 15 हाईमास्ट लाइट से पूरा इलाका दूधिया रोशनी में नहाया रहेगा। इसके अलावा, उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में गठित बहु-सदस्यीय समिति 24×7 निगरानी कर रही है।

खास सामाजिक संदेश देते हुए डीएम ने बताया कि सभी महादलित टोलों में झंडोत्तोलन कराया जाएगा और यह जिम्मेदारी समुदाय के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति को दी जाएगी। कुल मिलाकर, प्रशासन का दावा है कि इस बार गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता, सुरक्षा और अनुशासन का बेहतरीन नमूना बनेगा और पटना एक बार फिर मिसाल कायम करेगा।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *