मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. लखौरा थाना क्षेत्र के गोला पकड़िया हाईस्कूल के प्रांगण में सोमवार सुबह एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान सुमन कुमार उर्फ विक्की (20 वर्ष) के रूप में हुई है. वह काटगेवा वार्ड नंबर 2 का निवासी था.

क्या हुआ था?
मृतक सुमन कुमार अपने बहन के घर राजवाड़ा में रहता था. जहां से रोजाना पढ़ाई के लिए निकलता था. सोमवार को वह सुबह करीब 8 बजे बहन के घर से दो लड़कों के साथ निकला. तीनों गोला पकड़िया हाईस्कूल के प्रांगण में पहुंचे. जहां कुछ देर बाद अचानक बदमाशों ने उसपर हमला बोल दिया.

एक आरोपी को दबोचा गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने सुमन पर सीधे गोली चलाई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा. साथ के दोनों लड़कों ने भागने की कोशिश की, लेकिन एक को पकड़ लिया गया. दूसरा फरार है. स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुमन का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सदमे में पूरा परिवार
मृतक के पिता राजेश कुमार यादव ने बताया कि सुमन घर का बड़ा बेटा था और पढ़ाई में होनहार था. वह बहन के पास रहकर इंटरमीडिएट की तैयारी कर रहा था. आज सुबह 8 बजे दोस्तों के साथ निकला था, लेकिन दोपहर तक कोई खबर न आने पर चिंता हुई. फिर फोन आया कि गोली मार दी गई. हमारा पूरा परिवार सदमे में है.

ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय लोगों में घटना से रोष व्याप्त है. ग्रामीणों ने कहा कि गोला पकड़िया हाई स्कूल क्षेत्र में अक्सर असामाजिक तत्व घूमते रहते हैं. बच्चों की पढ़ाई का स्थान खून से सना हो गया. प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. हत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर दी है.












Be First to Comment