नालंदा: पटना साहिब में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व का भव्य शुभारंभ गुरुवार को तड़के प्रभात फेरी के साथ किया गया. आज शुक्रवार 26 दिसंबर को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जो गायघाट गुरुद्वारा से निकलकर तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचेगा.
गुरु गोविंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व
गुरुवार को प्रभात फेरी के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से पूरा पटना साहिब क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया. इस मौके पर भारी संख्या में महिला, बड़े, बच्चों और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया. सभी केसरिया झंडे व सिख धर्म के ध्वज के साथ प्रभात फ़ेरी में शामिल हुए थे. रास्ते में प्रभात फ़ेरी में शामिल संगतों के लिए जलपान, नाश्ता, चाय बिस्किट व अन्य सामग्रियों का इंतजाम किया गया था.

निकाली गई प्रभात फेरी
गुरुवार को प्रभात फेरी पटना साहिब के चमडोरिया इलाके से प्रारंभ होकर पटना साहिब स्टेशन होते हुए तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंची. प्रभात फेरी में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान रागी जत्थों ने गुरु गोविंद सिंह महाराज के जीवन, उनके बलिदान और चारों बेटों की शहादत से जुड़े शब्दों का गायन किया.

जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत
मार्ग में स्थानीय नागरिकों एवं सिख समुदाय के लोगों द्वारा श्रद्धालुओं का फूलों और श्रद्धा भाव से स्वागत किया गया. आपको बता दें कि 25 दिसंबर से शुरू हुआ यह तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव 27 दिसंबर तक चलेगा.

27 दिसंबर को प्रकाश पर्व का समापन
वहीं 27 दिसंबर को धार्मिक कार्यक्रमों के साथ प्रकाश पर्व का समापन होगा. प्रभात फेरी और उत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आई. सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और साफ-सफाई को लेकर प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल सड़कों पर तैनात रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.












Be First to Comment