मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा हो गया. जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत फकुली थाना क्षेत्र के मलकौली गांव में खेत की सिंचाई के दौरान हाई वोल्टेज बिजली करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया.
![]()
मुजफ्फरपुर में तीन की मौत
मृतकों में पैक्स अध्यक्ष सोनू राय के पिता चंदशेखर राय (60), उनका पुत्र मिट्ठू कुमार (25) और भांजा विक्की कुमार (22) शामिल हैं. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कैसे हुआ हादसा ?
बताया जा रहा है कि चंदशेखर राय अपने बेटे मिट्ठू कुमार और भांजे विक्की कुमार के साथ खेत में पटवन करने गए थे. इसी दौरान खेत में पहले से गिरे हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में चंदशेखर राय आ गए. उन्हें बचाने के प्रयास में मिट्ठू कुमार और विक्की कुमार भी करंट की चपेट में आ गए. करंट इतना तेज था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.

मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. डीएसपी अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से तीनों की मौत हुई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.














Be First to Comment