Press "Enter" to skip to content

आशा संघ अध्यक्ष ने चार माह से लंबित भुगतान व अस्पताल में ठहराव के लिए उठाई आवाज़

मुजफ्फरपुर : कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र की आशा संघ अध्यक्ष साधना तिवारी ने क्षेत्रीय विधायक केदार प्रसाद गुप्ता को एक विस्तृत पत्र लिखकर आशा कार्यकर्ताओं से संबंधित कई गंभीर समस्याओं को उठाया है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद ठहरने की सुविधा न होने के कारण भारी परेशानी का सामना करती हैं।

साधना तिवारी के अनुसार, अधिकांश आशा कार्यकर्ताओं के पास अपनी निजी गाड़ी नहीं होती। ऐसे में यदि रात में किसी मरीज को भर्ती कराना पड़ जाए तो उन्हें अस्पताल में बैठने या आराम करने की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं होती। उन्होंने मांग की है कि आशा कार्यकर्ताओं के लिए अस्पताल परिसर में रात में रुकने और विश्राम की समुचित सुविधा दी जाए।

इसके साथ ही उन्होंने आशा एवं फैसिलिटेटर दीदियों के चार महीनों से लंबित इंसेंटिव भुगतान पर भी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि एक-एक आशा कार्यकर्ता के पूरे परिवार की आय का मुख्य स्त्रोत यही भुगतान है, और पिछले चार महीनों से पैसा नहीं मिलने के कारण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।

साधना तिवारी ने उम्मीद जताई कि विधायक केदार प्रसाद गुप्ता, जो इस बार तीसरी बार चुने गए हैं, इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सरकार और संबंधित विभागों तक आशा कार्यकर्ताओं की आवाज पहुचाएंगे ।

स्थानीय स्वास्थ्य तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशा कार्यकर्ताओं की इन समस्याओं को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है, और अब सभी की निगाहें जनप्रतिनिधियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *