Press "Enter" to skip to content

मुजफ्फरपुर से हावड़ा के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग तेज, संसद में गूंजा मुद्दा

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से पश्चिम बंगाल के हावड़ा (कोलकाता) तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग तेज हो गई है। अब यह मुद्दा संसद के शीतकालीन सत्र में भी गूंजा है। वैशाली से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद वीणा देवी ने लोकसभा में गुरुवार को यह ट्रेन चलाने की मांग की।

लोक हित के मुद्दों के तहत उन्होंने मुजफ्फरपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा, बेंगलुरु के लिए नई दैनिक ट्रेन चलाने और संघमित्रा एक्सप्रेस का विस्तार करने की भी मांग सरकार के सामने रखी।

सांसद वीणा देवी ने गुरुवार को सदन में कहा कि मुजफ्फरपुर से हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन जल्द शुरू की जानी चाहिए। इसके अलावा, मुजफ्फरपुर से कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु तक एक नई डेली ट्रेन चलाई जाए। उन्होंने बेंगलुरु से दानापुर के बीच चलने वाली संघमित्रा एक्सप्रेस (12295-96) का भी मुजफ्फरपुर तक विस्तार करने की मांग की।

सांसद ने कहा कि अभी संघमित्रा ट्रेन पकड़ने के लिए मुजफ्फरपुर और आसपास के लोगों को पटना जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। अगर मुजफ्फरपुर से बेंगलुरु के लिए रोजाना सीधी ट्रेन चलेगी तो यात्रियों को पटना जाने से निजात मिल जाएगी।

DRUCC की बैठक में भी उठी थी हावड़ा वंदे भारत की मांग

मुजफ्फरपुर से हावड़ा के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग पुरानी है। पिछले महीने समस्तीपुर मंडल में आयोजित मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (DRUCC) की बैठक में भी दोनों शहरों के बीच वंदे भारत और एक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग उठी थी। उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद के सदस्यों ने 14 सुझावों का ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक को सौंपा था।

इसमें मुजफ्फरपुर हावड़ा वंदे भारत के अलावा सीतामढ़ी-अयोध्या वंदे भारत ट्रेन चलाने और संघमित्रा एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एलटीटी सुपरफास्ट एवं पटना-रांची वंदे भारत का मुजफ्फरपुर तक विस्तार करने का आग्रह रेलवे से किया गया था।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *