Press "Enter" to skip to content

कौन बनेंगे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष? तीन नामों पर चल रहा है मंथन

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को अप्रत्याशित जीत हासिल हुई है. इसके बाद से सरकार गठन को लेकर हलचल तेज है. पटना से लेकर दिल्ली तक सरगर्मी है. कयास लगाए जा रहे हैं कि किसको-किसको मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है.

अमित शाह के आवास पर बैठक

इन सबके बीच बिहार विधानसभा में स्पीकर कौन होंगे इसको लेकर भी मंथन हो रहा है. दरअसल मंगलवार को दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर एनडीए की बैठक हुई. इसमें जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद रहे. तीन घंटे तक यह बैठक चली.

BJP के खाते में अध्यक्ष पद!

पार्टी सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, बैठक में विधानसभा अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा हुई. कहा जा रहा है कि जदयू और भाजपा दोनों इसपर दावा कर रही है. हालांकि इस बार भी बीजेपी के खाते में ही विधानसभा अध्यक्ष का पद जाता दिख रहा है. ऐसे में बीजेपी से तीन नामों की चर्चा तेज हो गई है.

तीन नामों पर हो रही चर्चा

जो तीन नाम पर बात हो रही है उसमें प्रेम कुमार, विजय सिन्हा और रामकृपाल यादव शामिल हैं. जहां एक ओर प्रेम कुमार वरिष्ठ विधायक की श्रेणी में आते हैं, वहीं विजय सिन्हा विधानसभा अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं. इसके अलावा राम कृपाल यादव को विधानसभा से लेकर लोकसभा तक का अनुभव प्राप्त है.

क्या प्रेम कुमार के नाम पर लगेगी मुहर?

दरअसल, एक दिन पहले ही यानी सोमवार को प्रेम कुमार अचानक उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा से मिलने उनके आवास पर पहुंच गए. दोनों के बीच बातचीत हुई. जब बाहर निकले तो संवाददाताओं ने सवाल पूछा. इसपर विजय सिन्हा ने कहा कि मैं तो स्पीकर रह चुका हूं. प्रेम कुमार सम्मानित वरिष्ठ विधायक हैं. अगर उन्हें यह जिम्मेदारी दी जाती है तो वह बखूबी से निभाएंगे.

कौन हैं प्रेम कुमार ?

प्रेम कुमार बीजेपी के कद्दावर विधायक हैं. पिछले 9 बार से लगातार एमएलए बन रहे हैं. इस बार भी गया टाउन से उन्होंने जबरदस्त जीत हासिल की है. बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं.

कौन हैं विजय सिन्हा ?

विजय सिन्हा वर्तमान में बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं. बिहार विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं. लखीसराय से विधायक चुनकर आते रहे हैं. अपने क्षेत्र में काफी प्रभावी नेता के रूप में मशहूर हैं.

कौन हैं राम कृपाल यादव ?

राम कृपाल यादव ने दानापुर में बाहुबली रीतलाल यादव को हराया है. राम कृपाल कभी आरजेडी के सदस्य हुआ करते थे. बाद में उन्होंने बीजेपी ज्वान किया. दो बार सांसद रहे. मोदी सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया था. वह लालू यादव के शासनकाल में आरजेडी कोटे से विधान पार्षद और सांसद भी रह चुके हैं.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *