Press "Enter" to skip to content

बिहार में RJD प्रत्याशियों का हंगामा, रोहतास में काउंटिंग से पहले स्ट्रांग रूम परिसर में पहुंचा ट्रक

सासाराम: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान संपन्न होने के बाद अब मतगणना की तैयारी जोरों पर है. रोहतास जिले के सात विधानसभा सीटों के लिए 14 नवंबर को मतगणना जिला मुख्यालय सासाराम के तकिया बाजार स्थित बाजार समिति प्रांगण में होनी है. वहीं मतगणना से एक दिन पहले स्ट्रांग रूम के बाहर महागठबंधन सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.

स्ट्रांग रूम के सामने धरना और नारेबाजी

हंगामा की शुरुआत तब हुई जब महागठबंधन के प्रत्याशियों को पता चला कि स्ट्रांग रूम के अंदर का सीसीटीवी कैमरा अचानक बंद हो गया है. इसके साथ ही शाम के अंधेरे में एक ट्रक बिना किसी जांच के स्ट्रांग रूम परिसर के अंदर घुस गया. इस पर दिनारा के राजद प्रत्याशी राजेश यादव और सासाराम के राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. वे स्ट्रांग रूम के ठीक सामने धरना पर बैठ गए.

BIHAR ELECTION

प्रशासन पर गंभीर आरोप

प्रत्याशियों ने जिला प्रशासन पर EVM बदलने की साजिश का आरोप लगाया. राजद प्रत्याशी राजेश यादव ने कहा, “अभी-अभी खाली ट्रक अंदर गया है, उसमें EVM है. शिकायत के बाद भी प्रशासन सुनने को तैयार नहीं. सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया, साफ है कि खेल हो रहा है. वहीं सत्येंद्र साह ने कहा, “रात में स्ट्रांग रूम के बाहर ट्रक क्यों घुसा?

मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी

हंगामा काफी देर तक चलता रहा, जिसके बाद रोहतास के एसपी रौशन कुमार और डीएम उदिता सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. ट्रक की जांच की गई, जिसमें केवल खाली बक्से पाए गए. डीएम उदिता सिंह ने प्रत्याशियों को समझाने की कोशिश की और कहा कि यदि कोई संदेह है तो सीसीटीवी फुटेज भी देखी जाएगी. एसडीएम आशुतोष रंजन ने करगहर के कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमार मिश्र को बताया कि ये खाली बक्से मतगणना के बाद EVM रखने के लिए हैं, जो 10 नवंबर तक पहुंचने थे लेकिन देरी से आए.

खाली बक्सों पर सवाल

हंगामा कर रहे प्रत्याशियों ने सवाल उठाया कि आखिर रात के अंधेरे में खाली बक्सों से भरा ट्रक लाने की क्या जरूरत थी? प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. बक्सों की जांच प्रत्याशियों के सामने की गई और सभी खाली पाए गए, लेकिन संदेह बरकरार रहा. देर रात तक समर्थक हंगामा करते रहे और अधिकारी समझाने में जुटे रहे.

महागठबंधन का दावा- NDA का होगा सुपड़ा साफ

महागठबंधन के प्रत्याशी दावा कर रहे हैं कि रोहतास की सातों सीटों पर वे जीत रहे हैं और NDA का सुपड़ा साफ होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि हार की आशंका से EVM बदलने की कोशिश की जा रही है. दिनारा के राजेश यादव ने कहा, “यह सरासर धांधली है, हम लोकतंत्र की रक्षा करेंगे.”

मतगणना से पहले तनाव

14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले यह घटना जिले में राजनीतिक तनाव बढ़ा रही है. प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतगणना का आश्वासन दिया है, लेकिन प्रत्याशियों का धरना और आरोप-प्रत्यारोप से माहौल गरमाया हुआ है.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *