पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है. 14 नवंबर को मतगणना होगी. उससे पहले आए एक्जिट पोल में जिस तरह से एनडीए की सरकार बनती हुई दिखाई पड़ रही है, इसको लेकर एनडीए के नेता काफी गदगद दिखाई पड़ रहे हैं.
NDA नेता-कार्यकर्ता लड्डू बनाने में जुटे
आलम यह है कि तीन दिन पहले से ही लड्डू तैयार किया जा रहा है. पटना में बीजेपी कार्यकर्ता काफी गर्मजोशी में दिखाई पड़ रहे हैं. उनका कहना है कि 501 किलो लड्डू तैयार किए जा रहे हैं.

‘नींबू-मिर्ची भी लगाए हैं’
कृष्ण कुमार ‘कल्लु’ ने कहा कि 501 किलो लड्डू का आर्डर इसलिए दिया गया ताकि परिणाम के बाद सबसे पहले भगवान को भोग लगाया जाएगा. इसके बाद जनता के बीच इसे प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा. यही नहीं नींबू-मिर्ची भी लगाए हैं ताकि विरोधियों की नजर हमारे नेताओं पर ना पड़े.
अनंत सिंह देंगे महाभोज, तैयारी शुरू
वहीं मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह के आवास पर महाभोज की तैयारी हो रही है. आवास पर टेंट लगाने का काम जारी है. कुर्सी मंगवाई जा रही है. भोज की पूरी व्यवस्था की जा रही है. खासकर रसगुल्ला बनाने का काम अभी से शुरू हो चुका है.

‘2010 से अधिक स्ट्राइक रेट रहेगा’
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में गुजरात के बाद बिहार एक ऐसा राज्य है जहां 20 साल बाद भी सरकार के खिलाफ वातावरण नहीं बल्कि पक्ष में माहौल है. हमें लग रहा है कि 2010 से अधिक स्ट्राइक रेट रहेगा. महिलाओं में सरकार के प्रति एक उत्साह था.
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार की जनता ने, लोकतंत्र की जननी की भूमि पर निवास करने वाले हर बिहारी, जिन लोगों ने बिहारी शब्द को गाली बनाया उन्हें सबक सिखाने का निर्णय दे दिया है. डबल इंजन की सरकार, पीएम मोदी और नीतीश कुमार की विकास की रफ्तार पर लोगों ने विश्वास व्यक्त किया है. मैं सभी बिहार के लोगों का हृदय से धन्यवाद देता हूं.







Be First to Comment