बिहार: बिहार में ठंड धीरे धीरे रफ्तार पकड़ रही है। सुबह शाम में ठंड का असर बढ़ रहा है। हालांकि धूप निकलने के कारण दोपहर में मौसम समान्य रह रहा है। बारिश के बाद पिछले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान मधुबनी में 33 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान औरंगाबाद में 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

24 से 72 घंटे तक कोई बदलाव नहीं
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 से 72 घंटों के दौरान उत्तर बिहार और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता में कमी आ सकती है। पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे जिलों में मंगलवार को कोहरा छाया रहा। पूर्णिया में सबसे कम दृश्यता 400 मीटर तक दर्ज की गई।

रात के तापमान में गिरावट जारी
इन दिनों राज्य के अधिकतर हिस्सों में दिन के समय धूप खिली रही, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि रात के तापमान में गिरावट जारी है और लोगों ने अब हल्के गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 4 से 5 दिनों तक बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं देखने को मिलेगा।

नवंबर के दूसरे सप्ताह से कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस समय राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है और कम से कम 15 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। पछुआ हवाओं की मध्यम गति (30 किमी/घंटा तक) बनी रहने की संभावना है। आने वाले 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक गिरावट हो सकती है। फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।







Be First to Comment