मुंगेर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने के लिए जिले की जीविका दीदियां देशभक्ति के जज्बे के साथ दिन-रात जुटी हुई हैं. राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों को कपड़े में पिरोकर ये महिलाएं न सिर्फ देशभक्ति का संदेश घर-घर पहुंचाने की तैयारी कर रही हैं, बल्कि अपने हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई मिसाल भी पेश कर रही हैं.

मुंगेर जिले के सभी 9 प्रखंडों के लिए 36 हजार से अधिक तिरंगा झंडों का निर्माण किया गया है. इन तिरंगों को जिले के विभिन्न प्रखंडों में भेजा गया है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अधिक से अधिक घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सके. खास बात यह है कि इन तिरंगों के निर्माण की जिम्मेदारी बड़े पैमाने पर जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने संभाली है.
जीविका मुंगेर की ओर से जिले के सभी नौ प्रखंडों के लिए लगभग 4-4 हजार तिरंगा झंडे तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. इस हिसाब से जिले के लिए 36 हजार से अधिक राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए गए.
गौरतलब है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के लिए जीविका समूह की महिलाएं लगातार काम करती रहीं. कपड़े की कटिंग से लेकर सिलाई, तीनों रंगों को व्यवस्थित करने, अशोक चक्र लगाने और अंतिम फिनिशिंग तक की जिम्मेदारी महिलाओं ने अपने हाथों में संभाली.











Be First to Comment