मुजफ्फरपुर: सुरंगमा कला केंद्र, मुजफ्फरपुर द्वारा शहर के एक निजी सभागार में ‘सुगंधी दिवस (Fragrance of Friendship)’ के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक संध्या “चतुरंग” का आयोजन गरिमामय एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर निर्मला साहू, नगर विधायक रंजन कुमार, केदार प्रसाद एवं डॉ. भारद्वाज द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर स्वागताध्यक्ष डॉ. वंदना विजयलक्ष्मी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ. पुष्पा प्रसाद ने की। मंगलाचरण की भावपूर्ण प्रस्तुति डॉ. सिद्धि शंकर मिश्रा ने दी। कार्यक्रम में “सखा-भाव” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ. पुष्पा प्रसाद ने कहा, “‘सुगंधी दिवस’ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि मित्रता, विश्वास, प्रेम और मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाने का एक सुंदर प्रयास है। आज के बदलते सामाजिक परिवेश में ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के और करीब लाते हैं तथा हमारी संस्कृति, संगीत और साहित्य के माध्यम से आत्मीयता एवं सखा-भाव का संदेश समाज तक पहुँचाते हैं।

सुरंगमा कला केंद्र का उद्देश्य कला और संस्कृति के जरिए सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है और हमें विश्वास है कि यह पहल आगे भी लोगों के जीवन में मित्रता की सुगंध बिखेरती रहेगी।” कार्यक्रम के दौरान राग मल्हार पर आधारित संगीतमय प्रस्तुतियों, प्रेमगीत, कविता पाठ, चित्रपट संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा सभी अतिथियों ने सुरंगमा कला केंद्र के सांस्कृतिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक सौहार्द, मित्रता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। सावन की रिमझिम फुहारों के बीच आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में शहर के साहित्यकार, कलाकार, संगीत प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।अंत में माया शंकर प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।








Be First to Comment