मुजफ्फरपुर: 31 जुलाई 2026 अंतर्राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी मरियम फातिमा का आज उनके बाल्यकालीन विद्यालय सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन स्कूल में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। 
समारोह में सेंट जेवियर्स स्कूल के संयुक्त निदेशक आमोद कुमार दत्त तथा सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन स्कूल की प्राचार्या लिपि सिंह ने मरियम फातिमा को स्मृति-चिह्न, मेडल और चेक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मरियम फातिमा की असाधारण उपलब्धियाँ विद्यालय के लिए गौरव का विषय हैं तथा उनकी सफलता विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ भी उपस्थित रहे और उन्होंने मरियम फातिमा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय परिवार ने उनके संघर्ष, समर्पण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की ।
अपने संबोधन में मरियम फातिमा ने अपने विद्यालय के दिनों की मधुर स्मृतियाँ साझा कीं तथा अपने शिक्षकों और विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा मरियम फातिमा की भावी सफलताओं की कामना एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। यह सम्मान समारोह विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और सभी ने इसे गर्व एवं उत्साह के साथयादगार अवसर के रूप में सराहा।











Be First to Comment