मुजफ्फरपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 38 में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र पुरुष एवं महिलाओं के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पेंशन के लिए आवेदन किया।


लाभार्थियों ने बताया कि वार्ड पार्षद की ओर से घर-घर जाकर योजना की जानकारी दी गई, जिसके बाद वे फॉर्म भरने पहुंचे। वहीं पूर्व वार्ड पार्षद एवं पार्षद पति इकबाल कुरैशी ने बताया कि शिविर के माध्यम से सभी पात्र लोगों का आवेदन भरकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी ताकि जल्द से जल्द पेंशन का लाभ मिल सके।
उन्होंने विधवा महिलाओं के पेंशन आवेदन भी भरवाने की बात कही और राज्य सरकार से वृद्धजन पेंशन की पात्रता आयु 60 वर्ष से घटाकर 55 वर्ष करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वार्ड के जिन लोगों की पेंशन पहले से स्वीकृत है या किसी कारणवश रुकी हुई थी, उसे भी शुरू कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतिमाह ₹1100 की सहायता राशि मिलती है।

इस योजना में आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है तथा आयकरदाता भी आवेदन कर सकते हैं, जबकि सरकारी पेंशन प्राप्त करने वाले लोग इसके पात्र नहीं हैं। आवेदन के लिए वोटर आईडी कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। उन्होंने वार्ड के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इस निःशुल्क योजना का लाभ उठाएं और किसी भी प्रकार का शुल्क किसी को न दें।







Be First to Comment