बिहार : होली के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे बिहार के लोगों को घर आने और वापस जाने की सुविधा देने के लिए 200 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) 200 होली स्पेशल बसों का संचालन करेगा। इन्हें 15 फरवरी से 15 मार्च के बीच एक महीने चलाया जाएगा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, पश्चिम बंगाल, झारखंड समेत अन्य राज्यों में रह रहे प्रवासी बिहारियों को त्योहार पर घर आने-जाने में सुविधा होगी। यात्री एडवांस में इसका टिकट बुक कर सकते हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग 1 फरवरी 2026 से शुरू होगी।

बीएसआरटीसी का दावा है कि लोगों को इन बसों में सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा की सुविधा मिलेगी। इनमें एसी डीलक्स और नॉन-एसी डीलक्स श्रेणी की बसें शामिल की गई हैं, जिनमें 50-60 सीटों की क्षमता होगी। यात्रियों को सुविधा देने के लिए राज्य सरकार इन बसों पर विशेष छूट भी देगी।

पीपीपी मोड में चलेंगी बस
बिहार सरकार द्वारा इन बसों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर चलाया जाएगा। इनमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, पश्चिम बंगाल और झारखंड से बिहार के लिए प्रमुख रूटों पर संचालित किया जाएगा। परिवहन विभाग की ओर से सभी बसों के फाइनल रूट और किराया अभी तय नहीं किया गया है। सरकार का कहना है कि इससे दूसरे राज्यों में रहकर पढ़ाई और रोजगार कर रहे लोगों को त्योहार पर घर आने और वापस जाने की सुविधा मिलेगी।

एडवांस में ऑनलाइन बुक कर सकेंगे टिकट
इन बसों के लिए एडवांस में ऑनलाइन टिकट की सुविधा दी जाएगी। 1 फरवरी से बुकिंग शुरू होगी। यात्री निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर जाकर आसानी से टिकट बुक कर सकेंगे। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। निगम की ओर से यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए चिह्नित बस पड़ावों पर महिला और पुरुष दोनों के लिए स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था भी करेगा।

परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि हर साल त्योहारों पर बिहार की ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। इसी के चलते होली पर विशेष व्यवस्था के तहत इन अंतरराज्यीय बसों का संचालन किया जाएगा। ताकि यात्री बेफिक्र होकर समय पर अपने घर पहुंच सकेंगे। विभाग के अनुसार पिछले साल दुर्गा पूजा से छठ 220 विशेष बसों का संचालन किया गया था।













Be First to Comment