शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा में सरकारी स्कूल में महिला शिक्षिका कोप्रताड़ितकरने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने खुद ये आरोप साथी टीचर पर लगाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.

कंप्यूटर शिक्षक पर गंभीर आरोप
मामला शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र स्थित एक हाई स्कूल का है. जहां स्कूल में तैनात कंप्यूटर शिक्षक पर एक महिला शिक्षिका ने शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पीड़ित शिक्षिका ने इस संबंध में डीईओ को लिखित ज्ञापन सौंपा है, जिसमें पिछले एक वर्ष से मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है.

‘मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था’
पीड़िता का कहना है कि आरोपी शिक्षक लगातार उनके साथ अशोभनीय और अभद्र व्यवहार कर रहा है. शिक्षिका ने बताया कि बीते 6 जनवरी को आरोपी शिक्षक अचानक तेज रफ्तार बाइक लेकर उनके बेहद करीब पहुंच गया, जिससे वह बुरी तरह घबरा गईं. पीड़िता ने बताया कि वह एक माह की गर्भवती हैं और इस तरह के व्यवहार से उनके गर्भस्थ शिशु पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है. शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की हरकतें स्कूल की अन्य महिला शिक्षिकाओं के साथ भी की जा रही है.

ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला
वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया. आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षकों की गतिविधियों को गलत बताते हुए छात्र-छात्राओं को घर भेज दिया और स्कूल में ताला बंद कर दिया. हालात बिगड़ते देख पास के सिरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

पूरे मामले में डीईओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीपीओ प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है. टीम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अभिषेक भार्गव और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार को शामिल किया गया है.

छात्राओं के साथ हुई थी पिटाई
याद दिलाएं कि इसी स्कूल में कुछ महीने पहले प्रधानाध्यापक द्वारा छात्राओं को कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया था, जिसमें कई छात्राएं बेहोश हो गई थीं. उस मामले में प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया था. अब एक बार फिर महिला शिक्षिका द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने से स्कूल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं.












Be First to Comment