मुजफ्फरपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय, मोतीझील में संगठन का झंडोत्तोलन AIDSO के बिहार राज्य सचिव कॉमरेड पवन कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर युग के महान दार्शनिक, मार्क्सवादी चिंतक एवं शिक्षक कॉमरेड शिवदास घोष की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इसके पश्चात AIDSO जिला कार्यालय, मोतीझील से एक सुसज्जित जुलूस निकाला गया, जो कल्याणी चौक होते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय पहुँचा, जहाँ एक छात्र सभा का आयोजन हुआ । सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य सचिव कॉमरेड पवन कुमार ने कहा कि AIDSO अपने स्थापना काल से ही शिक्षा के निजीकरण और व्यापारीकरण के खिलाफ संघर्षरत रहा है।
संगठन सभी के लिए समान, वैज्ञानिक, जनवादी और धर्मनिरपेक्ष शिक्षा व्यवस्था की मांग करता है, जो देश के क्रांतिकारियों और महापुरुषों का सपना रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियाँ शिक्षा को लगातार संकुचित कर रही हैं, जिससे सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को गहरी चोट पहुँच रही है।
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग सामाजिक न्याय और जनहित की लड़ाई लड़ते हैं, उन्हें दमन और जेल का सामना करना पड़ता है, जबकि अपराधियों को संरक्षण मिलता है। देश के विभिन्न जन आंदोलनों पर हो रहे हमले इस स्थिति को और गंभीर बना रहे हैं। ऐसे में शिक्षा, संस्कृति और मानवता को बचाने के लिए संगठित और व्यापक आंदोलन की आज पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे सचेत होकर आगे आएँ और आंदोलन को तेज करें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त शिक्षक शशि भूषण चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़ होती है। सरकार यह भली-भांति जानती है, इसलिए वह जनता को सही और वैज्ञानिक ज्ञान से वंचित रखना चाहती है, ताकि लोगों की सोचने, सवाल करने और तर्क करने की क्षमता कमजोर हो जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए AIDSO के जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी साथियों को क्रांतिकारी बधाई। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम विनाशकारी नई शिक्षा नीति 2020 के खिलाफ तथा अरावली बचाओ आंदोलन संगठित करें और संकल्पित होकर हर स्तर पर आंदोलन तेज करें, क्योंकि यही वक्त की पुकार है।

इस दौरान लोगों ने इंकलाब ज़िंदाबाद, AIDSO के विचारों को स्कूल-कॉलेज में पहुँचाओ ,फीस वृद्धि पर रोक लगाओ, सत्र अनियमितता दूर करो, शिक्षा के निजीकरण, व्यापारीकरण, केंद्रीकरण और संप्रदायिकरण पर रोक लगाओ, शिक्षा और संस्कृति पर हमला बंद करो जैसे नारे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में राज्य कार्यकारिणी सदस्य ललित कुमार झा, तरन्नुम खातून, दीपमाला कुमारी, अभिषेक कुमार, सचिन कुमार, अनिल कुमार, अली अख्तर, शुभम कुमार, साहिल कुमार, निखिल कुमार, रमिता कुमारी, सलोनी कुमारी, निशांत कुमार, रोशन कुमार, खुर्शीद आलम, हर्षित कृत्विक सहित बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएँ उपस्थित रहे।












Be First to Comment