गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गयी. अपराधियों ने एक 8वीं कक्षा के छात्र की हत्या कर दी. वह घर के बाहर गेम खेल रहा था, इसी दौरान अपराधी आए और सिर में गोली मारकर फरार हो गए. गोली लगने के कारण मौके पर ही छात्र की मौत हो गयी.
![]()
एसडीपीओ ने संभाली कमान
घटना जिले के नगर थाना क्षेत्र के खैरटीया गांव की है. मृतक की पहचान चंदन प्रसाद का 15 वर्षीय बेटा आलोक कुमार उर्फ संजय के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गयी है. सदर एसडीपीओ प्रांजल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली.

मोबाइल में गेम खेल रहा था किशोर
घटना के संदर्भ में पिता ने बताया कि शुक्रवार को कार में सवार होकर दोस्तों के साथ कहीं गया था. वापस आने के बाद से कुछ बेचैन था. पूछने पर उसने कुछ नहीं बताया. कुछ देर के बाद खाना खाया और मोबाइल पर बात करते हुए घर से बाहर निकल गया. दरवाजे पर लगा ट्रैक्टर पर बैठकर गेम खेल रहा था.

सिर में मारी गोली
इसी दौरान बाइक सवार होकर कुछ लोग आए और संजय के सिर में गोली मार दी. सिर के पिछले हिस्से में गोली मारी गयी. गोली लगते ही किशोर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए.

इलाके में दहशत
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन पहुंचे. एहतियातन मॉडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. फिलहाल इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.

रिक्शा चलाते हैं पिता
परिजनों के अनुसार मृतक तीन भाईयों में बीच वाला था. पिता चंदन प्रसाद रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है. स्थानीय लोग आक्रोशित हैं. पुलिस से अतिशीघ्र कार्रवाई की मांग की है.















Be First to Comment