बेतिया नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रही। अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सफाई कर्मियों ने मंगलवार को बेतिया विधायक एवं बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के आवास का घेराव किया और अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।
हड़ताली कर्मियों ने कहा कि वे 30 जुलाई से लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने सरकार और नगर निगम प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की।ज्ञापन मिलने के बाद विधायक रेणु देवी ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री से दूरभाष पर बातचीत कर सफाई कर्मियों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। उन्होंने मंत्री से मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
रेणु देवी ने सफाई कर्मियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और सरकार स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने नगर निगम के चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
हालांकि, सफाई कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी तीन सूत्री मांगों पर लिखित आश्वासन या ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।गौरतलब है कि 30 जुलाई से जिले के सभी नगर निकायों के सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर की साफ-सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कई इलाकों में कचरे का अंबार लग गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।









Be First to Comment