बिहार में मानसून की चाल फिलहाल धीमी बनी हुई है। राज्य के कई हिस्सों में जहां बारिश से लोगों को राहत मिली है, वहीं कई जिलों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम के इस बदलते मिजाज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को सीमांचल के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के 14 जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। यही वजह है कि राज्य के कुछ इलाकों में बारिश हो रही है, लेकिन कई जिले अभी भी गर्मी और उमस से परेशान हैं। राजधानी पटना समेत करीब 15 जिलों में बुधवार को बारिश दर्ज की गई, लेकिन दूसरी ओर कुछ जिले हीट वेव की चपेट में रहे।

मौसम विभाग ने लू प्रभावित जिलों में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है।

बिहार में फिलहाल मौसम का मिला-जुला असर जारी रहेगा। कुछ जिलों में बारिश राहत देगी तो कुछ इलाकों में गर्मी और लू लोगों की परीक्षा लेती रहेगी। 28 जून के बाद मानसून के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।






Be First to Comment