Press "Enter" to skip to content

मुहर्रम को लेकर हाई अलर्ट: बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस, ड्रोन से होगी कड़ी निगरानी

बेगूसराय में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के किसी भी जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी जुलूस निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेगूसराय सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की पहचान वाला जिला रहा है और प्रशासन की प्राथमिकता सभी समुदायों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।

पुलिस अधीक्षक मनीष ने बताया कि मुहर्रम के दौरान जिले के सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात किए जाएंगे। गश्ती दलों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा लगातार फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले के संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जबकि दंगा निरोधी दस्ता और त्वरित कार्रवाई दल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

प्रशासन ने जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर सड़क, प्रकाश व्यवस्था और बिजली के तारों की जांच कराने का निर्देश दिया है। विद्युत विभाग को झूलते एवं जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। वहीं नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *