दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी जाने वाली एक विशेष ट्रेन के स्लीपर कोच में दरार मिलने के बाद भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए देशभर में चल रहे सभी आइसीएफ (इंटीग्रल कोच फैक्ट्री) कोचों की विशेष जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत एक सप्ताह का व्यापक सुरक्षा अभियान शुरू किया गया है, जिसमें कोचों की संरचनात्मक मजबूती और रखरखाव की स्थिति का गहन परीक्षण किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, छह जून को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन के एक स्लीपर कोच में दरार देखी गई थी। कोच में तकनीकी खामी की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने सभी जोनों को विशेष सतर्कता बरतने और व्यापक निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में ऐसी किसी भी संभावित घटना को रोकना है। इसके लिए उन हिस्सों की विशेष जांच की जाएगी जहां जंग या क्षरण (कोरोजन) की संभावना अधिक रहती है। रेलवे ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अगले सात दिनों के भीतर आइसीएफ कोचों का विस्तृत निरीक्षण पूरा किया जाए।












Be First to Comment