बिहार की राजधानी पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल की नीट छात्रा की मौत का मामला अब दिल्ली में गूंजने लगा है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बुधवार को संसद भवन परिसर में नीट छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस केस में हॉस्टल संचालक से लेकर डॉक्टर और थाना की पुलिस तक की मिलीभगत है। साथ ही मृतक छात्रा के परिवार वालों को लगातार तंग किया जा रहा है। उन्होंने इस केस की जांच कर रही एसआईटी और सीआईडी पर भी बड़ी मछलियों को बचाने के आरोप लगाए हैं।

सांसद पप्पू यादव ने संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा, “हॉस्टल की बच्चियों के साथ सेक्स रैकेट के मामले लगातार आ रहे हैं। इस मामले में हॉस्टल, डॉक्टर और थाना तीनों की मिलीभगत है। छात्रा के कमरे से नींद की गोली मिली नहीं। कमरे को साफ कर दिया गया और सारे सबूत हटा दिए गए।”

उन्होंने सवाल उठाया कि यह घटना 6 जनवरी की थी तो 9 तारीख को एफआईआर क्यों की गई? साथ ही आरोप लगाया कि पटना के पीएमसीएच अस्पताल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए डॉक्टर पर दबाव बनाया गया। फिर मुद्दे को डायवर्ट करने के लिए उसे एम्स में भेज दिया गया।

बता दें कि जहानाबाद की रहने वाली छात्रा पटना के हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। 6 जनवरी को वह अपने कमरे में बेहोश मिली थी। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिन बाद उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे पहले सुसाइड का मामला बताया। मगर परिजन ने रेप और हत्या का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की बात से इनकार नहीं किया गया, जिसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया। फिर जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया।

अब तक हुई जांच में सामने आया है कि छात्रा के अंडरगारमेंट से किसी पुरुष का वीर्य पाया गया। उसकी जांच के लिए पुलिस ने कई लोगों के डीएनए सैंपल लिए हैं। पुलिस सूत्रों का दावा है कि सभी पहलुओं की जांच करने के बाद जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।








Be First to Comment