पटना: चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर को भले ही बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन वह मैदान नहीं छोड़ेंगे. नई रणनीति के साथ उन्होंने युवाओं को जन सुराज पार्टी से जोड़ने की मुहिम शुरू कर दी है. आने वाले दिनों में पार्टी को वार्ड स्तर तक ले जाने की तैयारी है. पीके ने एनडीए की सरकार के कामकाज को लेकर भी खुलकर हमला बोला है.

2 महीने बाद मीडिया से मुखातिब हुए पीके
बिहार बदलाव को लेकर प्रशांत किशोर की प्रतिबद्धता बरकरार है. तकरीबन 2 महीने के बाद पीके मीडिया से मुखातिब हुए और उसके साथ ही भविष्य की योजनाओं को भी साझा किया. उन्होंने कहा है कि एनडीए सरकार अभी हनीमून पीरियड में चल रही है. हम लोगों ने एनडीए की सरकार को 6 महीने की मोहलत दे रखी है. दो महीने पूरे होने के बाद पार्टी सड़कों पर आंदोलन के लिए उतरेगी.

आरसीपी सिंह पर पीके का कटाक्ष
शेखपुरा हाउस स्थित कैंप कार्यालय में मिथिला क्षेत्र के सैकड़ो युवाओं ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को ज्वाइन किया. मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती भी मौजूद थे. प्रशांत किशोर ने युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस दौरान जब पत्रकारों ने आरसीपी सिंह के जेडीयू में शामिल होने की अटकलों लेकर सवाल पूछा तो प्रशांत किशोर ने कहा कि सभी लोग जाने की बात कर रहे हैं, यहां तो मेरी पार्टी में लोग आ रहे हैं.

बिहार नहीं छोड़ेंगे हम
प्रशांत किशोर ने कहा कि हम बिहार छोड़ने वाले नहीं हैं और लंबे संघर्ष के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि हमने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को 6 महीने का वक्त दिया है. 31 मई के बाद पार्टी अपना अभियान शुरू करेगी. पहले तो हम यह देखने की कोशिश करेंगें कि क्या एनडीए चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा कर रही है?

एक लाख 90 हजार कब देगी सरकार?
पीके ने कहा कि हम यह भी रखने की कोशिश करेंगे कि जिन लोगों को 10 हजार रुपये रोजगार के लिए दिए गए हैं, उन्हें बाकी के एक लाख 90 हजार रुपये सरकार कब तक देगी? हमारी मांग पर पेंशन की राशि बढ़ाई गई. हालांकि हमने 2000 रुपये प्रति माह देने की मांग की थी लेकिन सरकार ने 1100 ही दिया.
‘एकजुट है जन सुराज के नेता-कार्यकर्ता’
इस दौरान युवा नेता मनीष कश्यप ने भी जोर देकर कहा कि पार्टी एकजुट है और हम मिलकर आगे काम करेंगे. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भले ही हमारा प्रदर्शन निराशाजनक रहा लेकिन हम जनहित के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करते रहेंगे.

क्या बोले मनोज भारती?
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि मिथिला क्षेत्र के युवा नेता अभियान के साथ जुड़ रहे हैं. मैंने उनसे कहा कि आप जन सुराज का हिस्सा क्यों होना चाहते हैं तो उनका कहना था कि पार्टी बिहार के हित की बात करती है. प्रशांत किशोर ही बिहार को आगे ले जा सकते हैं. ऐसे में हम संघर्ष का रास्ता चुनने के लिए पार्टी में आए हैं. उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर हमारे कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने के लिए तैयार है.












Be First to Comment