आरा : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में बिहार के भोजपुर जिले के वीर सपूत हरे राम कुंवर देश सेवा करते हुए शहीद हो गए। उनकी शहादत की खबर मिलते ही पूरे भोजपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई। गांव से लेकर शहर तक हर कोई गमगीन है और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। शहीद हरे राम कुंवर भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नथमलपुर गांव के निवासी थे।

डोडा जिले में ड्यूटी के दौरान सेना की एक बुलेट प्रूफ गाड़ी ऑपरेशन के समय अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में हरे राम कुंवर समेत कुल 10 जवानों ने वीरगति प्राप्त की। शहादत की सूचना मिलते ही नथमलपुर गांव में मातम पसर गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने शहीद के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और परिवार को सांत्वना दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है।

हरे राम कुंवर की शिक्षा-दीक्षा भोजपुर में ही हुई थी। उन्होंने वर्ष 2003 में शाहपुर प्रखंड के बरिसवन गांव से मैट्रिक की पढ़ाई पूरी की, जबकि 2005 में आरा के महाराजा कॉलेज से इंटरमीडिएट किया। इसके बाद वे सेना में भर्ती हो गए। वर्ष 2011 में उनका चयन दानापुर स्थित बिहार रेजिमेंट की फोर्थ बिहार यूनिट में हुआ।

शहीद के बड़े भाई जयप्रकाश कुंवर, जो गुंडी गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले ही हरे राम ने मां शांति देवी से फोन पर बात की थी और ठंड से बचने की सलाह दी थी। पिता इंद्रजीत कुंवर ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की शहादत पर गर्व है। शहीद का पार्थिव शरीर गांव लाए जाने का इंतजार किया जा रहा है। उनका बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।













Be First to Comment