Press "Enter" to skip to content

एयरपोर्ट, बस स्टैंड और सब्जी मंडी से ज्यादा खतरनाक रेल परिसर, यहां से पाए गए हैं सबसे अधिक संक्रमित

अगर आप रेल की यात्रा कर रहे हैं तो सावधानी बरतें। अब तक जो आंकड़े सामने आए हैं। वह चौंकाने वाले हैं। भीड़ भाड़ वाले इलाकाें से भी खतरनाक रेल की यात्रा है। पटना में सब्जी मंडी के मुकाबले भी रेल यात्री सबसे अधिक पॉजिटिव पाए गए हैं। पटना प्रशासन की रिपोर्ट की बात करें तो रेल यात्रियों में 2.8 प्रतिशत कोरोना का संक्रमण पाया गया है। जबकि बस, एयरपोर्ट और सब्जी मंडी में संक्रमण की यह रफ्तार काफी कम रही है।

20 मार्च से लेकर अब तक की जांच में खुलासा

पटना जिला प्रशासन ने 20 मार्च से कोरोना की जांच में तेजी लाई है। इस दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हवाई अड्‌डा के साथ सब्जी मंडी की जांच कराई जा रही है। इसके लिए अलग अलग टीमों को लगाया गया है। अब तक की रिपोर्ट में जो खुलासा हुआ है। वह चौंकाने वाला है। इस विशेष जांच में सबसे अधिक संक्रमित रेलवे स्टेशन पर ही पाए गए हैं। इस विशेष अभियान में पटना में अलग-अलग टीमों ने रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और एयरपोर्ट के साथ सब्जी मंडी से कुल 18,675 लोगों का नमूना लिया है, जिसमें 357 लोगाें की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह 1.91 प्रतिशत है जो रेलवे स्टेशनों पर होने वाली संक्रमितों के प्रतिशत से भी कम है।

एयरपोर्ट पर 0.99 लोगों में मिला संक्रमण

पटना प्रशासन द्वारा एयरपोर्ट पर कराई गई जांच में कुल मात्र 0.99 लोगों में ही संक्रमण मिला है। 20 मार्च से अब तक कराई गई जांच में कुल 6307 लोगों का नमूना लिया गया है जिसमें 63 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कुल जांच और संक्रमितों का प्रतिशत मात्र 0.99 ही रहा है।

बस स्टैंड पर 1.81 प्रतिश पॉजिटिव मिले

बस स्टैंड पर कराई गई जांच में 1.81 प्रतिशत लोगों में ही कोरोना की पुष्टि हुई है। बस स्टैंड पर 20 मार्च से प्रशासन ने 4341 लोगों का सैंपल लेकर जांच कराई है जिसमें 79 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कुल प्रतिशत 1.81 रहा है।

सब्जी मंडी में 1 प्रतिशत लोग मिले पॉजिटिव

सब्जी मंडी में कराई गई जांच में एक प्रतिशत लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 20 मार्च से यहां 735 लोगों की जांच कराई जा चुकी है जिसमें 8 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन का कहना है कि मात्र एक प्रतिशत ही लोग पॉजिटिव आए।

रेलवे स्टेशन पर 2.8 प्रतिशत लोग पॉजिटिव

रेलवे स्टेशन पर सबसे अधिक 2.8 प्रतिशत लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां 20 मार्च से 7292 लोगों की जांच कराई गई है। इसमें 207 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां का आंकड़ा सबसे अधिक 2.8 प्रतिशत है जो कुल संक्रमितों के प्रतिशत से भी अधिक है। प्रशासन का कहना है कि यहां सबसे अधिक संक्रमित मिले हैं। इस कारण से ही रेलवे ने रेल परिसर में मास्क को लेकर सख्ती बढ़ाई गई है। यहां रेलवे ने मास्क नहीं लगाने पर फाइन का कड़ा नियम बनाया है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *