Press "Enter" to skip to content

दिव्यांगों के लिए अच्‍छी खबर,बीएसटीसी की बसों में 50 किमी तक मुफ्त यात्रा, आएंगी 20 स्‍पेशल बसें

बिहार राज्य परिवहन निगम की बसों में दिव्यांगजनों के लिए 50 किमी तक की यात्रा मुफ्त है। इससे अधिक दूरी की यात्रा पर 50 फीसद की छूट दी जा रही है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने गुरुवार को राज्य आयुक्त निशक्तता कार्यालय में परिवाद की सुनवाई के दौरान यह जानकारी उपलब्ध कराई। बताया गया कि दिव्यांग जनों को यात्रा में छूट का प्रावधान वर्ष 2017 से ही है। यह सुविधा जेपी सेनानियों को भी उपलब्ध कराई गई है।

परिवहन निगम ने बताया कि दिव्यांगों के लिए 20 विशेष बसें भी खरीदी जाएंगी। पांच बार निविदा निकाले जाने के बावजूद मात्र एक कंपनी ने इसमें रुचि दिखाई है। ऐसे में उच्चस्तरीय अधिकारी से अनुमोदन प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही दिव्यांग फ्रेंडली बसों की खरीद की जाएगी।

40 फीसद दिव्यांगता अनिवार्य
बसों में मुफ्त यात्रा के लिए न्यूनतम 40 फीसद दिव्यांगता अनिवार्य है। दिव्यांगजनों को इसके लिए पास बनवाना होगा। इसके लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र की छायाप्र्रति के साथ जन्मतिथि का प्रमाण पत्र और दो स्टाम्प आकार की रंगीन तस्वीर जमा करनी होगी।

दिव्यांग फ्रेंडली होंगे 15 बस पड़ाव
राज्य के 15 बस पड़ावों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाया जा रहा है। तीन माह के अंदर दिव्यांगों के लिए रैंप और विशेष शौचालय आदि की व्यवस्था होगी। मुजफ्फरपुर बस पड़ाव में ब्रीक सोलिंग के कारण व्हील चेयर चलाने में हो रही परेशानी को देखते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक को इसे समतल एवं सुगम बनाने का निर्देश दिया गया है।

ठीक होगा ऑडियो व डिस्प्ले सिस्टम
निगम की बसों में दिव्यांगों के लिए अभी ऑडियो सिस्टम और डिस्प्ले पैनल अभी पूर्ण रूप से कार्यरत नहीं है। ऐसे में निगम बस के ड्राइवरों और कंडक्टरों को दिव्यांगजनों को बस में चढऩे और बैठने में सहयोग करने को कहा गया है। ऑडियो सिस्टम और डिस्प्ले पैनल को भी ठीक करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा ठहराव नहीं रहने पर दिव्यांगों के लिए बिना पड़ाव के भी बीच रास्ते में बस रोकने का निर्देश दिया गया है।

मिलेंगी यह सुविधाएं

– सीढिय़ों की जगह रैंप

– विशेष शौचालय

– बड़ा प्रवेश द्वार

– ऑडियो-डिस्प्ले सिस्टम

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *