Press "Enter" to skip to content

बिहार का सर्वश्रेष्‍ठ थाना बना अरवल जिले का कुर्था, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दी डीजीपी को जानकारी

केंद्रीय गृह मंत्रालय (Central Home Ministry) ने अरवल (Arwal) जिले के कुर्था (Kurtha) थाना को बिहार का सर्वश्रेष्ठ थाने का खिताब दिया है। गृह मंत्रालय ने इससे जुड़ा सर्टिफिकेट बिहार पुलिस (Bihar Police) के डीजीपी एसके सिंघल (DGP SK Singhal) को भेजा है। वर्ष 2019 में राजगीर को बिहार का सर्वश्रेष्ठ थाना का खिताब मिला था। गृह मंत्रालय ने पिछले दिनों वर्ष 2020 में देश के टॉप-10 थानों की सूची जारी की थी। इसमें बिहार का कोई भी थाना अपनी जगह नहीं बना सका था। केंद्रीय गृह मंत्रालय हर साल देश भर के थानों का सर्वे कर देश के टॉप-10 और हर राज्य के सर्वश्रेष्ठ थाने की सूची जारी करता है। इस बार भी करीब देश के 16 हजार से अधिक थानों का सर्वे किया गया। इसके बाद अंतिम परिणाम जारी किया गया। मणिपुर के थौबल जिले के नोंगपोक सेमकई को देश का सर्वश्रेष्ठ थाना चुना गया था।

अगली बार देश के टॉप-10 थानों में भी लाने की तैयारी
एडीजी मुख्यालय जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह खुशी की बात है कि अरवल का कुर्था राज्य का सर्वश्रेष्ठ थाना चुना गया है। इस उपलब्धि के लिए कुर्था थाना के प्रभारी को पटना पुलिस मुख्यालय बुलाकर सम्मानित भी किया जाएगा। इसके साथ ही बिहार पुलिस प्रयत्न करेगी कि अगली बार हम देश के टॉप-10 थानों में भी अपनी जगह बना सकें।

इन मानकों पर खरा उतरा कुर्था थाना
केंद्रीय टीम थानों की आधारभूत संरचना, महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध, जनता के साथ व्यवहार, आपराधिक मामलों की जांच आदि के मानक पर थानों का चयन करता है। अरवल का कुर्था थाना इन मानकों पर बिहार के बाकी थानों से बेहतर रहा। कुर्था में वर्ष 2019 से दिनेश बहादुर सिंह थाना प्रभारी हैं, उन्होंने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है और कुर्था थाना के सभी पुलिसकर्मियों का आभार जताया है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *